Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

पिता की मौत के बाद 3 करोड़ की जमीन हड़पने की कोशिश? अंतिम संस्कार से पहले शव का अंगूठा सादे कागज पर लगवाने का वीडियो वायरल

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। रहीमाबाद के खड़ौहा गांव में 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत के बाद उनके इकलौते बेटे पर करीब 3 करोड़ रुपये की जमीन हड़पने की कोशिश का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि बेटे ने अंतिम संस्कार से ठीक पहले अपने चचेरे भाई की मदद से मृत पिता के हाथ का अंगूठा सादे कागज पर लगवाया। इस पूरी घटना का वीडियो वहां मौजूद कुछ ग्रामीणों ने 9 जुलाई को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया था। करीब एक महीने बाद, 13 अगस्त को वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया है।

अंतिम संस्कार से पहले सादे कागज पर लगवाया अंगूठा

मृतक की पहचान खड़ौहा गांव निवासी 75 वर्षीय छत्रपाल के रूप में हुई है। आरोप है कि उनकी मौत के बाद जब परिवार अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा था, उसी दौरान उनके बेटे महेंद्र और चचेरे भाई ने शव के हाथ का अंगूठा सादे कागजों पर लगवाना शुरू कर दिया।  ग्रामीणों ने जब यह देखा तो वे हैरान रह गए। उन्होंने घटना का वीडियो बना लिया। आरोप है कि सादे कागज पर अंगूठे का निशान लगवाने का मकसद पिता की जमीन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों को अपने पक्ष में तैयार करना था। हालांकि, इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

2023 में बेटे-बहू पर घर से निकालने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि छत्रपाल और उनकी पत्नी शिवदेवी को बेटे महेंद्र और बहू लक्ष्मी लंबे समय से परेशान करते थे। कथित तौर पर वर्ष 2023 में बुजुर्ग दंपति को उनके पैतृक घर से बाहर निकाल दिया गया था। घर से निकलने के बाद दोनों ने अपने रिश्तेदारों के यहां रहकर जीवन बिताया। परिवार का दावा है कि बेटे-बहू के व्यवहार से छत्रपाल काफी परेशान थे।

तीन बेटियों को संपत्ति देने की कही थी बात

मृतक की बड़ी बेटी के मुताबिक, पिता ने बेटे और बहू के व्यवहार से परेशान होकर उन्हें अपनी संपत्ति से बेदखल करने की बात कही थी। उन्होंने अपनी बाकी संपत्ति तीनों बेटियों को देने की इच्छा भी जाहिर की थी। परिजनों का आरोप है कि इसी संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था और पिता की मौत के बाद जमीन अपने नाम कराने की कोशिश की गई।

पुलिस बोली- अभी नहीं मिली लिखित शिकायत

वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया है। पुलिस के मुताबिक, अभी तक मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मृतक के अंगूठे का निशान किस उद्देश्य से सादे कागज पर लगवाया गया था और इस मामले में कानून के तहत क्या कार्रवाई बनती है। फिलहाल वायरल वीडियो और परिजनों के आरोपों ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया है। पुलिस की जांच के बाद ही करीब 3 करोड़ रुपये की जमीन से जुड़े इस कथित विवाद की पूरी सच्चाई सामने आएगी।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close