‘झालमुड़ी मैंने खाई, मिर्ची TMC को लगी’- कृष्णानगर में पीएम मोदी का तंज

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पहले चुनाव प्रचार तेज हो गया है। कृष्णानगर में रैली को संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी ने दावा किया कि राज्य में माहौल बदल रहा है। उन्होंने कहा कि जहां-जहां ज्यादा मतदान हुआ है, वहां भाजपा को बढ़त मिलती दिख रही है। साथ ही उन्होंने मतदाताओं को बढ़-चढ़कर मतदान करने के लिए बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा कि कृष्णानगर की रैली में जनता का उत्साह इस बात का संकेत है कि अब भय का माहौल खत्म हो रहा है और भरोसा बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्षों से दबाई गई आवाजें अब खुलकर सामने आ रही हैं और हर वर्ग—गांव से लेकर शहर तक—एकजुट होकर अपनी बात कह रहा है।
रैली के दौरान मोदी ने तंज कसते हुए कहा, “झालमुड़ी मैंने खाई, लेकिन मिर्ची TMC को लगी।” उन्होंने दावा किया कि राज्य में तृणमूल कांग्रेस के नेताओं और उनके कथित सिंडिकेट के खिलाफ भारी गुस्सा है और कई जिलों में पार्टी का खाता भी नहीं खुलेगा। पीएम मोदी ने कहा कि यह चुनाव किसी नेता का नहीं, बल्कि बंगाल की जनता का चुनाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में ‘जंगलराज’ के खिलाफ लोग वोट कर रहे हैं। उनके मुताबिक किसान, व्यापारी, कर्मचारी, डॉक्टर, वकील और आम नागरिक सभी भयमुक्त माहौल और बेहतर व्यवस्था के लिए मतदान कर रहे हैं।
तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 15 सालों में पार्टी ने केवल झूठ और धोखे की राजनीति की है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में स्थानीय निकायों में भ्रष्टाचार और अव्यवस्था का माहौल है। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने निर्वाचन आयोग की सराहना करते हुए कहा कि आयोग ने राज्य में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत किया है। उन्होंने यह भी कहा कि अब तक मिले संकेतों के अनुसार इस बार मतदान प्रतिशत पिछले रिकॉर्ड को पार कर सकता है।







