बंगाल की 152 और तमिलनाडु की 234 सीटों पर मतदान आज, सुबह से शुरू वोटिंग, गर्मी का असर पड़ने के आसार

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के तहत आज मतदान जारी है। बंगाल में दो चरणों में हो रहे चुनाव के पहले चरण में 152 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं, जबकि तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर एक ही चरण में मतदान हो रहा है। दोनों राज्यों में सत्ता हासिल करने के लिए बीजेपी पूरी ताकत झोंक रही है। वहीं, बंगाल में ममता बनर्जी की टीएमसी के सामने सत्ता बचाने की चुनौती है और तमिलनाडु में एमके स्टालिन की डीएमके के लिए भी वापसी आसान नहीं मानी जा रही।
सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम 6 बजे तक चलेगी। मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल समेत उत्तर और मध्य भारत में लू का अलर्ट जारी किया है, जिसके चलते दोपहर के समय मतदान प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में मतदाता सुबह और शाम के समय ज्यादा संख्या में मतदान कर सकते हैं।
तमिलनाडु में 5.73 करोड़ से अधिक मतदाता 4,023 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला कर रहे हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल के 16 जिलों की 152 सीटों पर 1,478 उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां 3.60 करोड़ से ज्यादा मतदाता करीब 44,376 बूथों पर मतदान करेंगे, जिनमें 1.84 करोड़ पुरुष, 1.75 करोड़ महिला और 465 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में उम्मीदवारों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे मतदान के दिन सुबह 6 बजे से लेकर वोटिंग खत्म होने तक अपने निर्वाचन क्षेत्र से बाहर नहीं जाएं। आयोग ने साफ किया है कि सभी उम्मीदवार निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करें, ताकि मतदाता बिना किसी दबाव के अपने अधिकार का प्रयोग कर सकें। बंगाल में दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी।
तमिलनाडु में कई प्रमुख हस्तियों ने भी मतदान किया। डिप्टी सीएम उदयनिधि स्टालिन के परिवार के सदस्य किरुथिगा उदयनिधि और इनबनिथि ने चेन्नई में वोट डाला। वहीं, टीवीके प्रमुख विजय भी चेन्नई के एक पोलिंग स्टेशन पर मतदान करने पहुंचे। चुनाव से पहले उनकी रैलियों में बड़ी भीड़ देखी गई थी, जिससे मुकाबला दिलचस्प माना जा रहा है।







