मध्य प्रदेश में शादी का खाना बना जहर: 70 लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार, हजार लोगों ने खाई थी दावत

मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के इछावर क्षेत्र के बावड़ियां नौआबाद (बबड़िया) गांव में एक शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। शादी में बना भोजन खाने के बाद अचानक कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई। देखते ही देखते लोगों को पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। बताया जा रहा है कि शादी समारोह में 1000 से अधिक लोगों ने भोजन किया था। खाना खाने के कुछ ही समय बाद बड़ी संख्या में लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार हो गए। स्थिति बिगड़ने पर करीब 70 लोगों को आसपास के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
इछावर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 50 से ज्यादा मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उनकी हालत में सुधार होने पर उन्हें घर भेज दिया गया। वहीं करीब 15 गंभीर मरीजों को इछावर अस्पताल में भर्ती रखा गया है। इसके अलावा 2 मरीजों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। सिविल अस्पताल इछावर के डॉक्टर अर्जुन सिंह के अनुसार, सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है और उनका इलाज लगातार किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और हालात का जायजा लिया। विभाग ने लोगों से अपील की है कि संदिग्ध भोजन से बचें और किसी भी तरह की समस्या होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। फिलहाल प्रशासन और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शादी में परोसे गए भोजन के सैंपल लेकर लैब में जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही फूड पॉइजनिंग के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस घटना ने ग्रामीण इलाकों में शादी समारोहों में भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







