Main Slideअन्तर्राष्ट्रीय

बांग्लादेश में बड़ा हादसा: पद्मा नदी में गिरी यात्रियों से भरी बस, 23 की मौत, कई लापता

बांग्लादेश के राजबाड़ी जिले में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जब यात्रियों से भरी एक बस पद्मा नदी में गिर गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में अब तक 23 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई यात्री अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। बस में लगभग 40 से 50 लोग सवार थे।

यह घटना शाम करीब 5:15 बजे दौलतदिया घाट नंबर 3 पर हुई। जानकारी के मुताबिक, ढाका जा रही बस फेरी पर चढ़ने की कोशिश कर रही थी, तभी वह अनियंत्रित होकर एक पोंटून से फिसल गई और सीधे नदी में जा गिरी। बताया जा रहा है कि बस करीब 30 फीट गहरे पानी में डूब गई। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, बस फेरी पर चढ़ने के इंतजार में खड़ी थी। इसी दौरान एक छोटी फेरी ने पोंटून को टक्कर मार दी, जिससे संतुलन बिगड़ गया और बस नदी में समा गई। चश्मदीदों का कहना है कि बस में क्षमता से ज्यादा यात्री सवार थे और चालक नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद यह हादसा हुआ।

घटना का एक दिल दहला देने वाला वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बस को नदी में गिरते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में कुछ यात्री तैरकर अपनी जान बचाते नजर आ रहे हैं, जबकि स्थानीय लोग भी राहत कार्य में मदद करते दिखाई दे रहे हैं। हादसे के तुरंत बाद फायर सर्विस, नेवी और पुलिस की टीमों ने राहत और बचाव अभियान शुरू किया। देर रात अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा, जिसे गुरुवार सुबह फिर से शुरू किया गया। अब तक 23 शव बरामद किए जा चुके हैं और बाकी लापता यात्रियों की तलाश जारी है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close