Main Slideप्रदेश

सरदूलगढ़ में आईटीआई, पुल और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए भगवंत सिंह मान ने किया शिलान्यास

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सरदूलगढ़ में सरकारी आईटीआई का नींव पत्थर रखा। इस आईटीआई से हर साल 240 हुनरमंद विद्यार्थी तैयार होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार विकास के नए इंजन पर चल रही है, जबकि भाजपा, अकाली दल और कांग्रेस के इंजन पुराने हो चुके हैं और सूबे को आगे बढ़ाने में सक्षम नहीं हैं।

सीएम मान ने यह भी बताया कि 17.31 करोड़ रुपए की लागत से दो नए पुल बन रहे हैं। इन पुलों से घग्गर नदी के पास स्थित सरदूलगढ़ हलके के लगभग 27 गांवों के निवासियों को नदी पार करने के लिए लंबा रास्ता तय नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भलुआणा गांव में 12.03 करोड़ रुपए की लागत से नया पुल बनाया जा रहा है, जबकि बार्न गांव में 5.28 करोड़ रुपए की लागत से स्टील पुल निर्माणाधीन है। इससे लोगों का अतिरिक्त सफर 5 से 9 किलोमीटर तक घट जाएगा।

सरदूलगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 39 लाख रुपए की लागत से आम आदमी क्लीनिक खोला जा रहा है। इसमें 107 किस्मों की मुफ्त दवाइयां और 47 किस्मों के मुफ्त टेस्ट उपलब्ध होंगे। इसके अलावा भगवानपुर हिंगा गांव में 55 लाख रुपए की लागत से हेल्थ एंड वेलनेस क्लीनिक और सरदूलगढ़ सब-डिवीजनल अस्पताल में 49 लाख रुपए की लागत से ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट बनायी जा रही है। यह यूनिट लैब सेवाओं के साथ डाटा सेंटर और एस.एम.ओ. मीटिंग-कम-कॉन्फ्रेंस हॉल भी प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 1.25 करोड़ रुपए माइनर कंक्रीट लाइनिंग पर खर्च किए जा रहे हैं। इसके अलावा श्री गुरु तेग बहादुर जी की चरण छोह प्राप्त दो गांवों के विकास पर एक करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। दानेवाला में 2.33 करोड़ रुपए खर्च करके 66 के.वी. ग्रिड की क्षमता 12.5 एम.वी.ए. से बढ़ाकर 20 एम.वी.ए. की गई है, जिससे निर्बाध बिजली सप्लाई सुनिश्चित होगी और विशेष रूप से धान के सीजन में किसानों को लाभ मिलेगा।

सीएम मान ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के खजाने का एक-एक पैसा जनता की भलाई के लिए समझदारी से खर्च कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य के 90 प्रतिशत से अधिक घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है, किसानों को भी दिन के समय बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब केंद्र सरकार देश की संपत्तियों को मामूली कीमतों पर अपने चहेतों को दे रही है, पंजाब सरकार ने एक निजी थर्मल प्लांट खरीद कर इतिहास रचा है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close