पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जालंधर में लोगों की समस्याओं का किया समाधान

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वीरवार को जालंधर में आयोजित लोक मिलनी कार्यक्रम के दौरान आम जनता की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित समाधान के निर्देश दिए। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चला, जिसमें विभिन्न इलाकों से आए नागरिकों और प्रतिनिधिमंडलों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर लोगों से सीधे संवाद किया और प्रशासनिक कार्यों व विकास योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का निपटारा त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान एनआरआई संपत्तियों से जुड़े मामले भी सामने आए। इंग्लैंड से आए एक एनआरआई ने अपनी जमीन से जुड़े विवाद के संबंध में मुख्यमंत्री को जानकारी दी, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।फिल्लौर निवासी तरसेम सिंह ने स्कूल भवन से संबंधित समस्या रखी, जिस पर मुख्यमंत्री ने समाधान का भरोसा दिलाया। इसके अलावा जालंधर के सूर्या इंकलेव और वरियाणा डंप से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना और प्रशासन को अधिक जवाबदेह बनाना है। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के लिए निर्देशित किया।मुख्यमंत्री की इस यात्रा के दौरान प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के विशेष प्रबंध किए गए, ताकि कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सके। लोक मिलनी के माध्यम से मुख्यमंत्री ने दो घंटे तक सीधे लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने का भरोसा दिया।







