Main Slideप्रदेश

हरियाणा में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की राशि अब हर महीने एक तय तारीख को मिलेगी, 56 लाख लाभार्थियों के खातों में 1431 करोड़

हरियाणा सरकार ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत मिलने वाली पेंशन, प्रोत्साहन राशि और सब्सिडी को लेकर बड़ा फैसला लिया है। अब इन सभी योजनाओं की राशि हर महीने एक ही निर्धारित तारीख को सीधे लाभार्थियों के खातों में जमा की जाएगी। हालांकि, यह तारीख अभी तय नहीं की गई है। सरकार के इस निर्णय से लाभार्थियों को अपनी पेंशन या अन्य आर्थिक सहायता के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी।

18 योजनाओं के तहत 1431 करोड़ रुपये जारी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को 18 जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत 56 लाख 34 हजार लाभार्थियों के खातों में 1431 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की। इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा और सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा भी उपस्थित रहे।

लाडो लक्ष्मी योजना की चौथी किस्त जारी

मुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय लाडो लक्ष्मी योजना की चौथी किस्त के रूप में 9 लाख 22 हजार 452 महिलाओं के खातों में 193 करोड़ रुपये डाले। अब तक इस योजना के तहत कुल 634 करोड़ रुपये की चार किस्तें जारी की जा चुकी हैं।राज्य सरकार एक लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाओं को 2100 रुपये मासिक सहायता दे रही है। इसमें से 1100 रुपये सीधे खाते में भेजे जाते हैं और 1000 रुपये की एफडी कराई जाती है।इसके अलावा बुढ़ापा, विधवा और दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत 34.14 लाख लाभार्थियों को 1098 करोड़ रुपये जारी किए गए।

सब्सिडी और अन्य योजनाएं

लाडो लक्ष्मी और पेंशन योजनाओं के तहत कुल 43 लाख 36 हजार 452 लोगों को 1240 करोड़ रुपये दिए गए।
हर घर हर गृहिणी गैस सिलेंडर रिफिल योजना के तहत 12 लाख 62 हजार महिलाओं को नवंबर और दिसंबर माह के लिए 38.97 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी गई। इस योजना में महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाता है।मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक प्रोत्साहन योजना के तहत 36 हजार लाभार्थियों को 101 करोड़ रुपये की सब्सिडी प्रदान की गई।

पेंशन शिकायतों के समाधान के निर्देश

मुख्यमंत्री ने बताया कि पेंशन और आय आधारित पात्रता से जुड़ी शिकायतें सामने आई हैं। इनके समाधान के लिए सभी जिलों के अतिरिक्त उपायुक्तों को निर्देश दिए गए हैं। हर सप्ताह सोमवार और बृहस्पतिवार को समाधान शिविर लगाए जाएंगे ताकि पात्र व्यक्तियों की पेंशन न रुके। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी भी योग्य व्यक्ति की पेंशन नहीं काटी जाएगी।

लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ा

सरकार ने लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ाते हुए अब 1.80 लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाओं को भी इसमें शामिल किया है।इनमें वे महिलाएं भी शामिल हैं जिनके बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़ते हैं और कक्षा 10 या 12 की बोर्ड परीक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक लाते हैं। इसके अलावा ‘निपुण भारत मिशन’ के तहत कक्षा स्तर की दक्षता हासिल करने वाले बच्चों की माताओं और कुपोषण से सफलतापूर्वक उबरे बच्चों की माताओं को भी योजना का लाभ मिलेगा।

विपक्ष के आरोपों के बीच फैसला

हरियाणा में विपक्षी दल बुजुर्गों की पेंशन कटौती और परिवार पहचान पत्र में आय सत्यापन के नाम पर लोगों को परेशान करने का आरोप लगा रहे हैं। इनेलो ने 20 फरवरी को पंचकूला में प्रदर्शन की घोषणा की है, जबकि कांग्रेस, जेजेपी और आम आदमी पार्टी भी इस मुद्दे को उठा रही हैं। इसी बीच भाजपा सरकार ने बड़ी राशि जारी कर यह संकेत दिया है कि वह सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को लेकर गंभीर है और लाभार्थियों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close