IND vs ENG U-19 WC Final : वैभव सूर्यवंशी ने बल्ले से मचाया कोहराम, 15 छक्कों के साथ ठोंक डाले 175 रन

हरारे। आईसीसी मेंस अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ शानदार शुरुआत की है। शुक्रवार, 6 फरवरी को हरारे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे खिताबी मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
भारतीय पारी के हीरो ओपनर वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने इंग्लैंड के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए इतिहास रच दिया। वैभव ने महज 80 गेंदों में 175 रन की विस्फोटक पारी खेली और अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे तेज शतक जड़ने का रिकॉर्ड अपने नाम किया।
अपनी इस यादगार पारी के दौरान वैभव सूर्यवंशी ने 15 चौके और 15 गगनचुंबी छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 218 से भी अधिक रहा, जिसने दर्शकों को रोमांच से भर दिया। इस पारी के साथ ही वैभव अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए।
उनका शानदार साथ कप्तान आयुष म्हात्रे ने दिया। आयुष ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण दिखाते हुए 51 गेंदों में 53 रन बनाए। हालांकि वे अपने अर्धशतक को शतक में नहीं बदल सके, लेकिन उनकी पारी में 7 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। भारतीय बल्लेबाजों के इस दमदार प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया विशाल स्कोर की ओर तेजी से बढ़ रही है और इंग्लैंड पर दबाव बना चुकी है।







