पंजाब में 25,547 किलोमीटर नई सड़कें बनेंगी, मुख्यमंत्री मान ने की बड़ी घोषणा

चंडीगढ़| पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज चंडीगढ़ में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि राज्य में 25,547 किलोमीटर लंबी नई सड़कें बनाई जाएंगी। इससे पहले 19,343 किलोमीटर लिंक मार्गों की घोषणाएं हो चुकी हैं। इन नई सड़कों के निर्माण पर कुल 16,209 करोड़ रुपये खर्च होंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इन सड़कों की मरम्मत और रखरखाव की जिम्मेदारी अगले पांच साल तक संबंधित ठेकेदार की होगी।
सीएम मान ने हड़ताल कर रहे रोडवेज कर्मचारियों से अपील करते हुए कहा कि सभी मसलों को बातचीत के जरिए हल किया जाए। उन्होंने कहा, “लोगों को परेशान करने वाला कोई कदम न उठाएं। यूनियन अपने मुद्दे सरकार के सामने रखे, प्रदर्शन किसी समस्या का हल नहीं है।”
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से बाढ़ राहत पैकेज पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि 1,600 करोड़ रुपये के इस विशेष पैकेज में से अभी तक पंजाब को एक रुपये भी नहीं मिला। हाल ही में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के पंजाब दौरे पर मुख्यमंत्री मान ने कहा कि चौहान केवल पर्यटन के लिए राज्य आते हैं।







