भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के अभिनेता गोपाल राय ने 76 साल की उम्र में ली आखिरी सांस

मुंबई। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता गोपाल राय अब इस दुनिया में नहीं रहे। उन्होंने रविवार शाम को आखिरी सांस ली। एक्टर ने 76 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। अभिनेता लंबे समय से बीमार थे और उन्होंने अपने पैतृक आवास पर अंतिम सांस ली। जैसे ही यह खबर इंटरनेट पर आई, कलाकार के कई सह-कलाकारों और प्रशंसकों ने दुख व्यक्त किया। सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई। भोजपुरी इंडस्ट्री में शोक व्याप्त है।
गोपाल राय का नाम भोजपुरी सिनेमा के उन चंद चेहरों में शामिल था, जिन्होंने इंडस्ट्री को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। उन्होंने अपने लंबे करियर में 200 से ज्यादा फिल्मों और टीवी शो में काम किया। चाहे खलनायक की भूमिका हो या हास्य अभिनेता की, गोपाल राय हर भूमिका में दर्शकों को प्रभावित करने में कामयाब रहे। उनकी फिल्मों की लिस्ट में ‘नदिया के पार’, ‘गंगा किनारे मोरा गांव’ और ‘निरहुआ हिंदुस्तानी’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में शामिल हैं। गोपाल राय के निधन की पुष्टि फिल्म समीक्षक संजय भूषण पटियाला ने की।
गोपाल राय ने इंडस्ट्री के नामचीन चेहरों के साथ काम किया, जिनमें पवन सिंह और दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ जैसे सुपरस्टार प्रमुख हैं। इन कलाकारों के साथ उनकी केमिस्ट्री दर्शकों को खूब पसंद आई। उनकी एक्टिंग ने दर्शकों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ी है।