UP STF की बड़ी कार्रवाई: अंबेडकरनगर मुठभेड़ में ₹1 लाख का इनामी बदमाश ढेर, हत्या-डकैती के 21 से ज्यादा केस दर्ज

उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में यूपी स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लाख रुपये के इनामी बदमाश आसिफ उर्फ विक्की को मुठभेड़ में मार गिराया। आरोपी कई राज्यों में हत्या, डकैती और लूट की संगीन वारदातों में वांछित था। पुलिस के मुताबिक, 7 जुलाई को यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट की टीम की थाना भीटी क्षेत्र (अंबेडकरनगर) में बदमाशों से मुठभेड़ हुई। जवाबी फायरिंग के दौरान आसिफ गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान आसिफ उर्फ विक्की, निवासी मजहर मकनपुर, थाना बिल्हौर, कानपुर नगर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में डकैती, हत्या और लूट समेत 21 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
एसटीएफ ने मौके से .32 बोर की पिस्टल, 12 बोर की पौनिया (देसी बंदूक), भारी मात्रा में कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
इन संगीन वारदातों में था वांछित
- 19 अक्टूबर 2013 (सुल्तानपुर): गैंग के साथ घर में घुसकर डकैती और हत्या।
- 2014 (जौनपुर): परिवार को बंधक बनाकर लाखों की डकैती, पांच लोगों पर धारदार हथियार से हमला, जिसमें दो महिलाओं की मौत हुई।
- 15 अगस्त 2015 (कौशांबी): डकैती के दौरान दंपति की हत्या।
- 19 अगस्त 2015 (मुजफ्फरनगर): घर में घुसकर डकैती, महिला पर जानलेवा हमला और उसी रात कई अन्य घरों में भी वारदात।
- 13 जनवरी 2021 (कानपुर देहात): हत्या के एक मामले में भी आरोपी था।
पुलिस के अनुसार, आसिफ अपने गैंग के साथ घरों में घुसकर परिवारों को बंधक बनाता था और विरोध करने पर बेरहमी से हत्या कर देता था। उसकी मौत को प्रदेश में सक्रिय एक कुख्यात आपराधिक गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।







