Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर महंत नृत्यगोपालदास बोले- ‘बहुत आहत हूं’, आज ट्रस्ट की बैठक में चंपत राय के भविष्य पर फैसला संभव

अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। इसी बीच आज होने वाली राम मंदिर ट्रस्ट की अहम बैठक से पहले ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपालदास का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने मंदिर में हुई कथित चोरी पर गहरा दुख जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

महंत नृत्यगोपालदास ने कहा, “श्रीराम लला सरकार के मंदिर में हुई दान चोरी से मैं बेहद आहत हूं। जिसने भी यह पाप किया है, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। मुझे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पूरा विश्वास है कि वे इस मामले से जुड़े हर दोषी को कानून के अनुसार सजा दिलाएंगे। यह करोड़ों हिंदुओं की आस्था से जुड़ा विषय है।”

उन्होंने लोगों से इस मामले पर राजनीति न करने की भी अपील की। उनका कहना था कि किसी को भी निजी या राजनीतिक लाभ के लिए इस संवेदनशील मुद्दे का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।

उधर, आज राम मंदिर ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है, जिसमें कथित चढ़ावा चोरी मामले के बाद उठे विवादों पर चर्चा होगी। बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर भी विचार किया जा सकता है। हालांकि दोनों के इस्तीफे अभी तक औपचारिक रूप से स्वीकार नहीं किए गए हैं। सूत्रों के अनुसार, ट्रस्ट की कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए एक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हो सकती है।

राम मंदिर ट्रस्ट का गठन सुप्रीम कोर्ट के नवंबर 2019 के फैसले के बाद फरवरी 2020 में किया गया था। ट्रस्ट में कुल 15 सदस्य थे, जिनमें से एक सदस्य का निधन हो चुका है। वर्तमान में ट्रस्ट में 14 सदस्य हैं और इसकी बैठक प्रत्येक तीन महीने में आयोजित की जाती है। पिछली बैठक 21 मार्च को रामनवमी की तैयारियों को लेकर हुई थी। अब सभी की निगाहें आज की बैठक पर टिकी हैं, जहां चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा के भविष्य के साथ-साथ ट्रस्ट की आगे की रणनीति पर भी महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं।

 

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close