Main Slideप्रदेश

एम्स पटना का होगा विस्तार, 24 एकड़ अतिरिक्त जमीन देगी बिहार सरकार, सम्राट चौधरी ने किया बड़ा ऐलान

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), पटना का निरीक्षण किया और संस्थान के विस्तार के लिए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने घोषणा की कि एम्स के विस्तार के लिए जल्द ही 24 एकड़ अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे अस्पताल में लगभग 200 नए बेड जुड़ेंगे और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। निरीक्षण के दौरान सम्राट चौधरी ने एम्स प्रशासन और अधिकारियों के साथ बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा अधोसंरचना और भविष्य की विकास योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करने और चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

चार लेन सड़क निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

उपमुख्यमंत्री ने एम्स पटना से नाथूपुर तक प्रस्तावित चार लेन सड़क परियोजना को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क बनने से मरीजों, उनके परिजनों और आम लोगों को अस्पताल तक आने-जाने में काफी सुविधा होगी।

बर्न मरीजों के लिए स्किन स्टोरेज की व्यवस्था

सम्राट चौधरी ने बर्न मरीजों के बेहतर उपचार के लिए एम्स में स्किन स्टोरेज (त्वचा भंडारण) की व्यवस्था विकसित करने में राज्य सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिया। उन्होंने बर्न वार्ड का निरीक्षण किया, भर्ती मरीजों से मुलाकात की और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही मरीजों और उनके परिजनों का हौसला बढ़ाते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

अस्पताल की विभिन्न इकाइयों का किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग में PET-CT रूम, SPECT-CT रूम और रेडियो फार्मेसी लैब का भी जायजा लिया। इसके अलावा उन्होंने ऑन्कोलॉजी विभाग, एनाटॉमी विभाग और ओपीडी की व्यवस्थाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

एम्स परिसर के तालाब के जीर्णोद्धार के निर्देश

एम्स परिसर स्थित तालाब का निरीक्षण करते हुए सम्राट चौधरी ने उसके जीर्णोद्धार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तालाब को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ एक आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जाए, ताकि यह लोगों के लिए उपयोगी होने के साथ परिसर की सुंदरता भी बढ़ा सके।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close