Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: ट्रेलर से टकराई डबल डेकर बस, 30 से अधिक यात्री घायल, 5 की हालत गंभीर

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डबल डेकर बस आगे चल रहे ट्रेलर से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में 30 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के समय बस में करीब 60 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और कई यात्री अंदर ही फंस गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। रेस्क्यू अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।

शिकोहाबाद जिला अस्पताल के डॉ. अनुराग कांत वर्मा ने बताया कि हादसा एक निजी बस और ट्रेलर के बीच हुआ। तेज रफ्तार बस ने ट्रेलर को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। कुल 30 घायल अस्पताल लाए गए, जिनमें से पांच की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और पीछे से टक्कर हादसे की प्रमुख वजह मानी जा रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close