पंजाब में AAP को मिला खेल जगत का साथ, क्रिकेटर मनप्रीत सिंह गोनी और इंटरनेशनल एथलीट कुनार पार्टी में शामिल

चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी (AAP) को पंजाब में खेल जगत से बड़ा समर्थन मिला है। भारतीय क्रिकेटर मनप्रीत सिंह गोनी और इंटरनेशनल गोल्ड मेडलिस्ट एथलीट कुनार बुधवार को आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। दोनों खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पार्टी की सदस्यता ली। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दोनों खिलाड़ियों का पार्टी में स्वागत किया। इस दौरान उन्हें सिरोपा देकर सम्मानित किया गया और औपचारिक रूप से AAP में शामिल कराया गया। कार्यक्रम में पंजाब सरकार के मंत्री गुरमीत खुडियां भी मौजूद रहे।
भगवंत मान बोले- युवाओं को खेलों से जोड़ने में मिलेगी मदद
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी परिवार में दो प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का जुड़ना खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि खेल के मैदान में पंजाब का नाम रोशन करने वाले युवाओं का पार्टी से जुड़ना ‘रंगला पंजाब’ बनाने के अभियान को और मजबूती देगा। मान ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों का अनुभव प्रदेश के युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने में अहम भूमिका निभा सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके जुड़ने से पंजाब में खेल और युवा प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के प्रयासों को नई ऊर्जा मिलेगी।
खिलाड़ियों ने जताया AAP की नीतियों पर भरोसा
पार्टी में शामिल होने के बाद मनप्रीत सिंह गोनी और कुनार ने कहा कि वे मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की जनहितकारी नीतियों और राज्य में किए जा रहे विकास कार्यों से प्रभावित हैं। दोनों खिलाड़ियों ने कहा कि वे पंजाब की बेहतरी और आम आदमी पार्टी को मजबूत करने के लिए पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करेंगे।







