Main Slideराष्ट्रीय

रातभर छापेमारी, ठिकानों पर पुलिस की दबिश; खान सर का नहीं लगा सुराग, सरेंडर की चर्चा तेज

पटना के चर्चित शिक्षक खान सर उर्फ फैजल खान के कोचिंग संस्थान में कथित फायरिंग और हमले का मामला अब गंभीर कानूनी मोड़ ले चुका है। कदमकुआं थाना पुलिस ने खान सर के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। मामला दर्ज होने के बाद से खान सर अपने कोचिंग सेंटर में नजर नहीं आए हैं। बताया जा रहा है कि उनका मोबाइल फोन भी बंद है, जिसके चलते उनके पटना कोर्ट में सरेंडर करने की अटकलें लगाई जा रही हैं।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात पुलिस खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर पहुंची थी, लेकिन खान सर वहां मौजूद नहीं मिले। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं, कोचिंग सेंटर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। खान सर की संभावित गिरफ्तारी की खबरों के बीच बड़ी संख्या में छात्र कोचिंग सेंटर के बाहर जुटे रहे और चिंता जताते नजर आए।

मामले की शुरुआत सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक फायरिंग वीडियो से हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि 2 जून की रात करीब 10:30 बजे कुछ लोग किसान कोल्ड स्टोरेज के पास स्थित खान ग्लोबल एकेडमी के बाहर पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट की और संस्थान के बैनर फाड़ दिए।

एफआईआर के अनुसार, हंगामे की सूचना मिलने पर खान सर अपने सुरक्षाकर्मियों और सहयोगियों के साथ बाहर आए। गिरफ्तार किए गए दोनों सुरक्षा गार्डों ने पुलिस पूछताछ में दावा किया कि उग्र भीड़ को देखकर खान सर ने उन्हें फायरिंग करने के लिए कहा था। इसके बाद दोनों गार्डों ने हवा में दो-दो राउंड गोलियां चलाईं। फायरिंग की यह घटना कैमरे में कैद हो गई और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

पुलिस ने वीडियो की जांच के बाद दोनों सुरक्षा गार्डों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से 315 बोर की राइफल, मैगजीन और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि आम लोगों में भय और दहशत फैलाने के आरोप में दोनों गार्डों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। फिलहाल पुलिस खान सर की तलाश में जुटी हुई है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close