सुरक्षा में कटौती के विरोध में लालू परिवार का बड़ा कदम, राबड़ी आवास से हटाए गए सभी सुरक्षाकर्मी

पटना में लालू परिवार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। सुरक्षा श्रेणी में कटौती के बाद पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने अपने सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड पर तैनात सभी सुरक्षाकर्मियों को वापस भेज दिया। इसके बाद आवास के अंदर और मुख्य गेट पर एक भी सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं दिखा। हालांकि, सुरक्षा कर्मी गेट से कुछ दूरी पर बाहर खड़े रहे।
दरअसल, दो दिन पहले राज्य सुरक्षा समिति की सिफारिश पर गृह विभाग ने आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की जेड प्लस सुरक्षा वापस ले ली थी। अब दोनों नेताओं को बिहार पुलिस की विशेष सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है, जिसमें एस्कॉर्ट, बुलेटप्रूफ वाहन और 8 से 16 सुरक्षाकर्मी शामिल हैं। वहीं, तेज प्रताप यादव की वाई श्रेणी की सुरक्षा भी समाप्त कर दी गई है और उन्हें केवल एक बॉडीगार्ड दिया गया है।
हालांकि, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, उनकी पत्नी राजश्री यादव और आरजेडी सांसद मीसा भारती की सुरक्षा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। तेजस्वी यादव को पहले की तरह वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिलती रहेगी, जिसमें हाउस गार्ड, बॉडीगार्ड और एस्कॉर्ट टीम शामिल होगी। मीसा भारती के साथ तीन बॉडीगार्ड पहले की तरह तैनात रहेंगे, जबकि राजश्री यादव को एक महिला बॉडीगार्ड की सुरक्षा दी गई है।
नई व्यवस्था के तहत लालू प्रसाद यादव को बीएमपी (Bihar Military Police) के हाउस गार्ड, दो बॉडीगार्ड, एचक्यूआरटी पायलट, बुलेटप्रूफ कार और एस्कॉर्ट सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, राबड़ी देवी को तीन महिला और तीन वर्दीधारी बॉडीगार्ड समेत हाउस गार्ड, पायलट वाहन, बुलेटप्रूफ कार और एस्कॉर्ट की सुविधा दी गई है। सुरक्षा में बदलाव के बाद लालू परिवार और सरकार के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं।






