मालवीय नगर अग्निकांड: होटल मालिक का कबूलनामा, बोला- ‘कमाई के लिए बढ़ाए कमरे, फायर NOC भी नहीं ली’

दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद राजधानी में अवैध होटल और गेस्ट हाउसों पर प्रशासन की कार्रवाई तेज हो गई है। इसी बीच हादसे से जुड़े होटल मालिक लवकेश बजाज ने पुलिस पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आरोपी ने स्वीकार किया है कि अधिक कमाई के लालच में उसने होटल में कमरों की संख्या बढ़ाई थी और इसके लिए दमकल विभाग से आवश्यक एनओसी भी नहीं ली थी।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, पूछताछ में लवकेश बजाज ने बताया कि होटल का कारोबार अच्छा चल रहा था, इसलिए उसने क्षमता से अधिक कमरे बनवा दिए। उसने यह भी माना कि भवन के संचालन के लिए फायर विभाग की अनुमति नहीं ली गई थी। हादसे के बाद वह मौके से फरार हो गया था और डर के कारण घर भी नहीं गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कई घंटों तक सड़कों पर भटकता रहा।
जांच में सामने आया है कि लवकेश बजाज ने करीब तीन साल पहले यह इमारत एक निजी पार्टी से खरीदी थी। आरोपी का दावा है कि भवन में पहले खादी की दुकान संचालित होती थी और बाद में उसने यहां होटल व गेस्ट हाउस का संचालन शुरू किया। उसने यह भी कहा कि उसके पास बेड एंड ब्रेकफास्ट (BNB), टूरिस्ट और हेल्थ रेस्टोरेंट से जुड़ी कुछ अनुमतियां थीं। हालांकि पुलिस उसके दावों की सत्यता की जांच कर रही है। पुलिस आज आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड की मांग करेगी। सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियां उससे भवन की मंजूरियों, सुरक्षा मानकों और होटल संचालन से जुड़े अन्य दस्तावेजों के बारे में पूछताछ करना चाहती हैं।
गौरतलब है कि मालवीय नगर स्थित इस होटल में लगी आग में 21 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें 12 विदेशी नागरिक भी शामिल थे। जांच में पता चला है कि होटल में प्रवेश और निकास के लिए केवल एक ही रास्ता था। इसके अलावा खिड़कियां स्थायी रूप से बंद थीं और मुख्य दरवाजा सेंसर आधारित प्रणाली से संचालित होता था। अधिकारियों का मानना है कि इन्हीं खामियों ने हादसे को और भयावह बना दिया।
घटना के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दक्षिण दिल्ली के जिलाधिकारी से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने इस त्रासदी के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए हैं।







