Main Slideअन्तर्राष्ट्रीय

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास भारतीय जहाज पर हमला, आग लगने के बाद समुद्र में डूबा, 14 नाविक सुरक्षित

MSV Haji Ali BDI 1492 नामक भारतीय झंडे वाले मालवाहक जहाज पर ओमान के समुद्री क्षेत्र में संदिग्ध ड्रोन या मिसाइल हमला होने का मामला सामने आया है। हमला इतना तेज था कि जहाज में भीषण आग लग गई और कुछ ही देर में वह समुद्र में डूब गया। राहत की बात यह रही कि जहाज पर सवार सभी 14 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया।

यह जहाज गुजरात के सलाया बंदरगाह से जुड़ा था और सोमालिया के बरबरा बंदरगाह से संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह की ओर पशुधन लेकर जा रहा था। बताया गया कि 13 मई की सुबह करीब 3:30 बजे जहाज जब ओमान के लिमाह इलाके के पास पहुंचा, तभी जोरदार विस्फोट हुआ। इसके बाद जहाज में आग फैल गई और वह तेजी से डूबने लगा। खतरा बढ़ते ही क्रू मेंबर्स ने लाइफबोट का सहारा लिया। ओमान की कोस्ट गार्ड ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी भारतीय नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें दीबा बंदरगाह पहुंचाया। जहाज मालिक ने भी सभी क्रू सदस्यों के सुरक्षित होने की पुष्टि की है।

MEA ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि वाणिज्यिक जहाजों और निर्दोष नाविकों को निशाना बनाना पूरी तरह अस्वीकार्य है। मंत्रालय ने ओमान प्रशासन के त्वरित बचाव अभियान के लिए धन्यवाद भी दिया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता Randhir Jaiswal ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर नौवहन और व्यापार की स्वतंत्रता हर हाल में सुरक्षित रहनी चाहिए।

यह घटना ऐसे समय हुई है जब स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज क्षेत्र में पहले से तनाव बना हुआ है। ईरान-अमेरिका तनाव के कारण इस समुद्री मार्ग में सुरक्षा चिंताएं लगातार बढ़ रही हैं। ओमान पुलिस फिलहाल हमले की जांच कर रही है, हालांकि अब तक किसी संगठन या देश ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे अहम तेल व्यापार मार्गों में शामिल है। ऐसे में इस तरह की घटनाएं न केवल समुद्री सुरक्षा बल्कि वैश्विक व्यापार और भारत की ऊर्जा सुरक्षा के लिए भी चिंता बढ़ाने वाली मानी जा रही हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close