Main Slideप्रदेश

कानपुर में शादी की खुशियां मातम में बदलीं, सिलेंडर ब्लास्ट से दुल्हन समेत 12 लोग झुलसे

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में शादी की खुशियां उस वक्त चीख-पुकार में बदल गईं, जब मेहंदी समारोह के दौरान गैस सिलेंडर लीक होने से भीषण आग लग गई। हादसे में दुल्हन, उसके पिता और फोटोग्राफर समेत 12 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया है। यह हादसा घाटमपुर क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव में बुधवार शाम हुआ। गांव निवासी जगदीश प्रसाद की बेटी श्वेता की शादी गुरुवार को होनी थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। मेहंदी कार्यक्रम के बीच मेहमानों के लिए खाना बनाया जा रहा था, तभी अचानक गैस सिलेंडर के पाइप से रिसाव शुरू हो गया।

कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया। अफरा-तफरी के बीच चूल्हे पर रखी खौलते तेल की कढ़ाई पलट गई, जिससे पास खड़े कई लोग उसकी चपेट में आ गए। दुल्हन श्वेता, उसके पिता और मौके पर मौजूद फोटोग्राफर गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया के मुताबिक, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और घायलों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close