Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

महोबा में बीजेपी में घमासान: महिला नेता ने जिलाध्यक्ष पर ‘शारीरिक संबंध के बदले पद’ का आरोप लगाया, मामला थाने तक पहुंचा

उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में भारतीय जनता पार्टी के भीतर एक गंभीर विवाद सामने आया है। पार्टी की पूर्व जिला मंत्री दीपाली तिवारी ने जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा पर ‘सेक्स के बदले पद’ देने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। वहीं, जिलाध्यक्ष ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए साजिश करार दिया है। मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है। दीपाली तिवारी 27 अप्रैल को एसपी कार्यालय पहुंचीं और लिखित शिकायत दी। इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर लाइव आकर जिलाध्यक्ष पर आरोप लगाए, जिसके बाद यह मामला तेजी से वायरल हो गया।

दीपाली का कहना है कि वह लंबे समय से संगठन के लिए काम कर रही हैं और उन्होंने खुद को जिला उपाध्यक्ष बनाए जाने की मांग की थी। आरोप है कि इस पर जिलाध्यक्ष ने कथित तौर पर उनसे आपत्तिजनक इशारे करते हुए निजी संबंधों के बदले पद देने की बात कही। उन्होंने दावा किया कि प्रस्ताव ठुकराने के बाद भी उन्हें अलग-अलग तरीकों से मनाने और दबाव बनाने की कोशिश की गई। महिला नेता ने यह भी आरोप लगाया कि पार्टी के कुछ अन्य पदाधिकारियों ने भी उन्हें जिलाध्यक्ष की बात मानने के लिए कहा और पद का लालच दिया। साथ ही, उनके मुताबिक, उनके परिवार को भी धमकी दी गई।

दूसरी ओर, जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि उनकी छवि को खराब करने के लिए झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं और इस मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close