पंजाब: पटियाला में रेल ट्रैक पर धमाका, पटरियों को नुकसान, पास से मिला शव

पंजाब के पटियाला में शंभू-राजपुरा रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के ट्रैक पर देर रात जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत की खबर सामने आई है। प्राथमिक जांच में पुलिस को शक है कि मृतक रेलवे ट्रैक पर विस्फोटक लगाने की कोशिश कर रहा था और उसी दौरान हुए धमाके में उसकी मौत हो गई। घटनास्थल से व्यक्ति का शव क्षत-विक्षत हालत में बरामद किया गया, जो ट्रैक पर टुकड़ों में बिखरा मिला।
सूचना मिलते ही Government Railway Police, Railway Protection Force और Punjab Police समेत अन्य जांच एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और साक्ष्य जुटाने शुरू किए। मौके से तार, दो मोटरसाइकिलें और एक क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन सहित कई संदिग्ध सामान बरामद किए गए हैं।
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि शुरुआती सूचना लो-इंटेंसिटी ब्लास्ट की थी, लेकिन मौके पर पहुंचने पर पता चला कि यह डेटोनेशन का प्रयास था। इसी दौरान विस्फोट करने की कोशिश कर रहे व्यक्ति की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि इस घटना में किसी अन्य व्यक्ति या संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचा है। एसएसपी के मुताबिक, घटनास्थल से अहम सुराग मिले हैं, जिनमें सिम कार्ड भी शामिल है। सभी एजेंसियां मिलकर मामले की गहन जांच कर रही हैं और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा करने का दावा किया गया है।







