UP ATS का बड़ा एक्शन, आतंकी साजिश रच रहे 2 आरोपी गिरफ्तार, पाकिस्तान कनेक्शन का खुलासा

उत्तर प्रदेश एटीएस यानी उत्तर प्रदेश एंटी टेररिज्म स्क्वॉड ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर भारत में आतंकी गतिविधियों की साजिश रच रहे थे। जांच में पाकिस्तान कनेक्शन सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तुषार चौहान उर्फ हिजबुल्ला अली खान (बागपत निवासी) और समीर खान (दिल्ली निवासी) के रूप में हुई है। दोनों को नोएडा से पकड़ा गया।
सोशल मीडिया से कट्टरपंथ की साजिश
एटीएस को इनपुट मिला था कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, खासकर इंस्टाग्राम के जरिए युवाओं को बरगलाकर कट्टरपंथ की ओर धकेला जा रहा है। जांच में सामने आया कि पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और उसके सहयोगी, कथित तौर पर ISI के इशारे पर भारतीय युवाओं को निशाना बना रहे थे। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी तुषार सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स के संपर्क में आया था। उसे संवेदनशील जगहों पर हमले करने और यहां तक कि विस्फोटक इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बदले उसे लाखों रुपये और विदेश भेजने का लालच दिया गया था।
प्रचार और नेटवर्क फैलाने का काम
वहीं समीर खान को कथित तौर पर तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान के नाम से प्रचार-प्रसार करने और नए युवाओं को जोड़ने का जिम्मा दिया गया था। दोनों आरोपी मिलकर संभावित टारगेट्स की रेकी भी कर रहे थे। एटीएस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और एक चाकू बरामद किया है। फिलहाल एजेंसी इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और इनके अन्य साथियों की तलाश जारी है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि समय रहते कार्रवाई कर एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया गया है।







