बद्रीनाथ धाम के कपाट खुले, चारधाम यात्रा ने पकड़ी रफ्तार, 149 दिन बाद दर्शन शुरू

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा ने अब पूरी तरह गति पकड़ ली है। केदारनाथ के बाद आज चमोली स्थित बद्रीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। करीब 149 दिनों के बाद भगवान बद्रीविशाल के दर्शन शुरू हुए। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।
सुबह लगभग सवा 6 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे विधि-विधान के साथ जैसे ही मंदिर के कपाट खुले, हजारों श्रद्धालुओं ने जयकारों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। मंदिर परिसर भगवान बद्रीविशाल के जयघोष से गूंज उठा। इस बार मंदिर को खास अंदाज में सजाया गया है। करीब 25 क्विंटल फूलों से सजे मंदिर में पहली बार फूलों से ‘ओम लक्ष्मीपति नमो’, ‘जय श्री बद्री नारायण’ और ‘बैकुंठाय नमो’ लिखा गया है, जिसने श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा।
हर साल सर्दियों में भारी बर्फबारी और अत्यधिक ठंड के कारण चारों धामों के कपाट बंद कर दिए जाते हैं। अक्टूबर-नवंबर में बंद होने के बाद ये कपाट अप्रैल-मई में दोबारा खोले जाते हैं। लगभग 6 महीने तक चलने वाली इस यात्रा में हर साल लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं, जो उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। गौरतलब है कि इस साल चारधाम यात्रा की शुरुआत 19 अप्रैल को यमुनोत्री धाम और गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ हुई थी। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खोले गए और अब बद्रीनाथ धाम के खुलने के साथ यात्रा पूरी तरह सुचारू हो गई है।







