Main Slideउत्तराखंडप्रदेश

अक्षय तृतीया से शुरू होगी चारधाम यात्रा 2026, 18 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने कराया रजिस्ट्रेशन

देवभूमि उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 का शुभारंभ 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर होगा। इसी दिन यमुनोत्री धाम और गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। वहीं केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल और बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खुलेंगे।

चारधाम यात्रा के लिए अब तक 18 लाख से अधिक श्रद्धालु रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। यात्रा की शुरुआत हरिद्वार या ऋषिकेश से होती है और क्रमशः यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ तक जाती है। अप्रैल-मई के दौरान पहाड़ों में ठंड अधिक रहती है, इसलिए श्रद्धालुओं को गर्म कपड़े साथ रखने की सलाह दी गई है। रजिस्ट्रेशन के लिए आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र और मोबाइल नंबर अनिवार्य है।

पिछले वर्षों की तुलना में यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। वर्ष 2025 में करीब 50 लाख श्रद्धालुओं ने चारधाम के दर्शन किए थे, जबकि 2024 में यह आंकड़ा लगभग 45 लाख रहा। इस वर्ष भी संख्या में वृद्धि की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाओं और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है। आईजी गढ़वाल रेंज राजीव स्वरूप के अनुसार, पूरे यात्रा मार्ग को 16 सुपर जोन, 43 जोन और 149 सेक्टर में विभाजित किया गया है। हरिद्वार से लेकर सभी धामों तक थर्मल स्कैनिंग की व्यवस्था की गई है। मौसम विभाग ने 21 अप्रैल तक प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। इसे देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी संबंधित जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

यात्रा की तैयारियों को लेकर राज्य सरकार ने अब तक 20 से अधिक बैठकें की हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। उनका कहना है कि चारधाम यात्रा राज्य की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

सुरक्षा के लिहाज से इस बार कड़े इंतजाम किए गए हैं। यात्रा के दौरान लगभग 7000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, जिनमें एडिशनल एसपी से लेकर कांस्टेबल तक शामिल हैं। इसके अलावा केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 15 कंपनियों की भी मांग की गई है, जिनके मई के पहले सप्ताह तक पहुंचने की उम्मीद है।

चारधाम यात्रा 2026 के कपाट खुलने की तिथियां इस प्रकार हैं: यमुनोत्री धाम – 19 अप्रैल 2026

गंगोत्री धाम – 19 अप्रैल 2026
केदारनाथ धाम – 22 अप्रैल 2026
बद्रीनाथ धाम – 23 अप्रैल 2026

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close