वाडीनार पोर्ट पहुंचा LPG से भरा जहाज ‘जग वसंत’, मिडिल ईस्ट तनाव के बीच भारत को बड़ी राहत

गुजरात के वाडीनार पोर्ट से एक राहत भरी खबर सामने आई है। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच भारत के लिए सकारात्मक संकेत मिले हैं। दरअसल, LPG से लदा “जग वसंत” नाम का जहाज सुरक्षित रूप से वाडीनार पोर्ट पहुंच गया है। इस जहाज में करीब 16 हजार मीट्रिक टन LPG है, जो देश की घरेलू गैस सप्लाई के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
मौजूदा समय में हॉर्मुज क्षेत्र में तनाव और जोखिम बना हुआ है, ऐसे में जहाज का सुरक्षित भारत पहुंचना बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। जहाज फिलहाल वाडीनार पोर्ट से लगभग 10 नॉटिकल मील दूर एंकरिंग पर खड़ा है। इसके पहुंचने के बाद पोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था और ऑपरेशन को और ज्यादा सक्रिय कर दिया गया है। बड़े जहाज “जग वसंत” से “रोज़” नाम के छोटे टग के जरिए LPG का ट्रांसफर किया जाएगा।
मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष का आज 28वां दिन है, जिससे वैश्विक स्तर पर ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंता बनी हुई है। इसी बीच संकेत मिले हैं कि आने वाले दिनों में भी ऐसे जहाजों की आवाजाही जारी रह सकती है, जिससे देश में गैस सप्लाई और मजबूत होगी।
उधर, ईरान ने हालात को देखते हुए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जहाजों के आवागमन पर सख्ती दिखाई थी, लेकिन बाद में पांच ‘मित्र देशों’ की सूची जारी कर उन्हें राहत दी। इस सूची में भारत को पहला स्थान दिया गया है। इसके अलावा चीन, रूस, पाकिस्तान और इराक को भी वाणिज्यिक नौवहन के लिए इस मार्ग के इस्तेमाल की अनुमति दी गई है।






