Main Slideअन्तर्राष्ट्रीय

लॉस एंजिल्स में लाइव कवरेज के दौरान मीडिया हेलीकॉप्टर क्रैश, 3 की मौत

लॉस एंजिल्स: अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित लॉस एंजिल्स में मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। चैट्सवर्थ इलाके में सड़क दुर्घटना की कवरेज कर रहा एक मीडिया हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में कम से कम तीन लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है, जबकि एक अन्य व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की पुष्टि लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट ने की है। हादसे के बाद इलाके में राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।

सड़क हादसे की कवरेज करने पहुंचा था हेलीकॉप्टर

जानकारी के मुताबिक, चैट्सवर्थ इलाके में इससे पहले एक SUV और मेट्रो बस की टक्कर हुई थी। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई थी। इसी घटना की लाइव कवरेज के लिए मीडिया का हेलीकॉप्टर मौके के आसपास मौजूद था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। ‘इनसाइडर वायर’ की रिपोर्ट के मुताबिक, हेलीकॉप्टर NBC न्यूज से जुड़ा हुआ था।

दो व्यावसायिक इमारतों के बीच हुआ क्रैश

लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक, दुर्घटना 15 सितंबर की शाम करीब 7 बजे 9151 N मेसन एवेन्यू के पास हुई। हेलीकॉप्टर दो कमर्शियल इमारतों के बीच स्थित एक पार्किंग क्षेत्र में गिरा। घटना की सूचना मिलते ही दमकल और राहत दल मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने इलाके को सुरक्षित करते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

हादसे में 3 लोगों की मौत

NBC न्यूज के मुताबिक, दुर्घटना के बाद हेलीकॉप्टर में सवार लोगों और पायलट से संपर्क करने में परेशानी हुई। बाद में हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई, जबकि एक व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में भर्ती व्यक्ति की स्थिति के बारे में तत्काल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई थी। अधिकारियों ने हेलीकॉप्टर में सवार लोगों की पूरी संख्या का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।

क्रैश के बाद पार्किंग में लगी आग

हेलीकॉप्टर के पार्किंग क्षेत्र में गिरने के बाद वहां आग भी लग गई। फायर डिपार्टमेंट के प्रवक्ता कैप्टन ब्रैंडन सिल्वरमैन के मुताबिक, हेलीकॉप्टर पार्किंग में खड़े वाहनों के पास या उनके ऊपर गिरा था। आग की सूचना के बाद 50 से ज्यादा दमकलकर्मियों को घटनास्थल पर भेजा गया। अधिकारियों के अनुसार, आग पर मंगलवार शाम तक काबू पा लिया गया था। हादसे में चार वाहन और दो स्टोरेज कंटेनर भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।

मलबे की जांच के बाद सामने आएगी पूरी तस्वीर

फायर डिपार्टमेंट के अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर का मलबा हटाकर उसकी जांच की जाएगी। इसी प्रक्रिया के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि हेलीकॉप्टर में हादसे के वक्त कुल कितने लोग मौजूद थे और दुर्घटना के सभी कारण क्या थे।

 

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close