Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

संविधान दिवस पर PM मोदी का लेख: संविधान को बताया भारत की प्रगति का आधार, विपक्ष पर साधा निशाना, युवाओं से की खास अपील

देशभर में आज 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जा रहा है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक लेख के जरिए संविधान की महत्ता, उसकी मूल भावना और देश के विकास में उसकी भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने संविधान को भारत का मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान और नागरिकों में अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति जागरूकता जरूरी है।

प्रधानमंत्री ने अपने लेख में संविधान निर्माण से जुड़े महापुरुषों और संविधान सभा के सदस्यों को नमन किया। साथ ही डॉ. राजेंद्र प्रसाद और डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि संविधान भारत की सभ्यतागत विरासत और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतिबिंब है। उन्होंने युवाओं से संविधान को पढ़ने और उसके सिद्धांतों को समझने की अपील भी की।

संविधान दिवस पर पीएम मोदी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने लेख में कहा कि भारतीय संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को आगे बढ़ने का अवसर दिया है। उन्होंने अपनी सामान्य पारिवारिक पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान की ताकत ही है, जिसने साधारण परिवार में जन्मे व्यक्ति को देश की सेवा करने का अवसर दिया।

गरीबी उन्मूलन और सामाजिक-आर्थिक न्याय के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि पिछले वर्षों में 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि और यूपीआई जैसी पहलों को संविधान की भावना के अनुरूप बताया।

GST से लेकर EWS आरक्षण तक, संविधान संशोधनों का किया जिक्र

पीएम मोदी ने अपने लेख में तीन अहम संविधान संशोधनों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि 101वें संशोधन के जरिए जीएसटी व्यवस्था का रास्ता खुला, 102वें संशोधन के तहत राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा मिला और 103वें संशोधन से आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया। उन्होंने कहा कि इन फैसलों ने देश की आर्थिक और सामाजिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं।

संविधान को आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि संविधान को देश के नागरिकों के लिए अधिक सुलभ बनाने की दिशा में भी कदम उठाए गए हैं। उनके मुताबिक, संविधान अब आठवीं अनुसूची में शामिल सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध है। इसके अलावा भारतीय न्याय संहिता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देश में औपनिवेशिक दौर की दंड आधारित व्यवस्था से नागरिक केंद्रित न्याय व्यवस्था की ओर बदलाव किया गया है।

आपातकाल और संविधान संशोधनों को लेकर कांग्रेस पर हमला

अपने लेख में प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने पहले संविधान संशोधन और 42वें संशोधन का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि इनके जरिए नागरिकों की स्वतंत्रता और न्यायपालिका की शक्तियों को प्रभावित किया गया था। पीएम मोदी ने युवाओं से 38वें और 39वें संविधान संशोधनों का अध्ययन करने की अपील की। उन्होंने अनुच्छेद 356 के इस्तेमाल का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकारों ने कई बार निर्वाचित राज्य सरकारों को बर्खास्त करने के लिए इस प्रावधान का इस्तेमाल किया।

अनुच्छेद 370 हटाने को बताया ऐतिहासिक कदम

प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35A के प्रावधानों को हटाने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस फैसले से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी और महिलाओं को समान अधिकारों का लाभ मिलने का रास्ता मजबूत हुआ। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई को भी संविधान के अधिकारों को आम नागरिकों तक पहुंचाने से जोड़ते हुए कहा कि भयमुक्त माहौल में ही लोग अपने अधिकारों का सही इस्तेमाल कर सकते हैं।

OBC और मुस्लिम आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा

पीएम मोदी ने अपने लेख में आरक्षण के मुद्दे पर भी विपक्ष को निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की प्रमुख विपक्षी पार्टी ओबीसी आरक्षण के हिस्से में कटौती कर मुस्लिम आरक्षण देने की कोशिश कर रही है। प्रधानमंत्री ने दावा किया कि संविधान निर्माताओं ने धर्म के आधार पर आरक्षण की अवधारणा का समर्थन नहीं किया था। इस मुद्दे पर उन्होंने डॉ. आंबेडकर के विचारों का भी उल्लेख किया।

महिला आरक्षण पर विपक्ष को घेरा, नारी शक्ति के अधिकारों की बात

महिला सशक्तिकरण का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने संविधान निर्माण में महिलाओं के योगदान को याद किया। उन्होंने महिला आरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और विपक्ष पर महिला आरक्षण विधेयक के रास्ते में बाधा डालने का आरोप लगाया। उन्होंने विपक्षी दलों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतंत्र में सकारात्मक सहयोग जरूरी है, लेकिन विपक्ष कई बार रचनात्मक भूमिका निभाने के बजाय बाधाएं खड़ी करता है।

2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य, नागरिकों से की अपील

लेख के आखिर में प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और अपने संवैधानिक कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिकों के भीतर ‘इंडिया फर्स्ट’ की भावना और कर्तव्यबोध मजबूत होगा, तभी 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा।

बीजेपी देशभर में मनाएगी संविधान गौरव दिवस

संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में संविधान गौरव दिवस मना रही है। पार्टी की ओर से 26 नवंबर से 30 नवंबर तक पांच दिवसीय संविधान जागरूकता अभियान चलाने की योजना है। इसके तहत संविधान के मूल्यों, आदर्शों और लोकतांत्रिक परंपराओं को आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रमों की कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नई दिल्ली स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में दोपहर 3:30 बजे कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। वहीं, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन पटना में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, जबकि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा अहमदाबाद में सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इसके अलावा पार्टी ने 1 दिसंबर से ‘सेवा दूत अभियान’ शुरू करने की भी तैयारी की है। इसके तहत पार्टी के नेता और कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क करेंगे।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close