Main Slideराष्ट्रीय

दिल्ली में कॉमेडियन यश महेश्वरी के खिलाफ FIR, बिहार की महिलाओं और छठ पूजा पर की थी आपत्तिजनक टिप्पणी

बिहार की महिलाओं और छठ पूजा की परंपराओं पर  आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में स्टैंडअप कॉमेडियन यश महेश्वरी की मुश्किलें बढ़ गई हैं. पटना के बाद अब दिल्ली पुलिस ने भी उनके खिलाफ FIR दर्ज की है. यह मामला दक्षिणी दिल्ली के साकेत स्थित एक कॉमेडी क्लब में आयोजित कार्यक्रम से जुड़ा है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कार्यक्रम के दौरान बिहार की महिलाओं और छठ पूजा से जुड़ी धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं पर आपत्तिजनक बातें कही गई थीं.

साकेत के कॉमेडी क्लब में हुआ था कार्यक्रम

मिली जानकारी के मुताबिक, 24 अक्टूबर को दक्षिणी दिल्ली के साकेत स्थित एक कॉमेडी क्लब में स्टैंडअप कार्यक्रम आयोजित किया गया था. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इस कार्यक्रम में बिहार की महिलाओं और छठ पूजा के दौरान सिंदूर लगाने की परंपरा को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं. इस मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद दिल्ली पुलिस ने साकेत थाने में FIR दर्ज की है. शिकायत में कॉमेडियन यश महेश्वरी का नाम लिया गया है. हालांकि, पुलिस की FIR में किसी कॉमेडियन का नाम दर्ज नहीं किया गया है.

किन धाराओं में दर्ज हुआ मामला?

दिल्ली पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की चार धाराओं के तहत केस दर्ज किया है. इनमें धारा 79, 196, 296 और 352 शामिल हैं.

  • धारा 79: महिला की गरिमा का अपमान करने के इरादे से शब्द, इशारे या कृत्य.

  • धारा 196: विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य को बढ़ावा देने से संबंधित प्रावधान.

  • धारा 296: अश्लील कृत्यों और गानों से संबंधित प्रावधान.

  • धारा 352: शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना.

शिकायतकर्ता ने पुलिस से कार्यक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच करने की मांग की है.

पटना में भी दर्ज हो चुकी है FIR

इससे पहले पटना साइबर पुलिस ने 24 नवंबर को यश महेश्वरी के यूट्यूब चैनल से जुड़े वीडियो को लेकर मामला दर्ज किया था. पटना पुलिस के मुताबिक, वीडियो में बिहार की महिलाओं के प्रति कथित अभद्र टिप्पणियां की गई थीं. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू की है. पटना पुलिस का कहना था कि इस तरह की टिप्पणियों से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने और विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य पैदा होने की आशंका है.

विवाद बढ़ने के बाद कॉमेडियन ने मांगी थी माफी

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यश महेश्वरी को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था. कई लोगों ने उनकी टिप्पणियों पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की थी. विवाद बढ़ने के बाद कॉमेडियन ने वीडियो जारी कर माफी मांगी थी. उन्होंने स्वीकार किया कि बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं पर इस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी. उन्होंने भविष्य में अपने कंटेंट को लेकर ज्यादा सावधानी बरतने की बात भी कही थी.

 

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close