Main Slideराजनीति

‘वंदे मातरम्’ पर कांग्रेस को नितिन नबीन का निशाना, राहुल गांधी पर कसा तंज; बोले- ‘राहुल मियां इसे समझ ही नहीं सकते’

हल्द्वानी: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने ‘वंदे मातरम्’ के पूरे गायन को लेकर कांग्रेस की आपत्ति पर तीखा हमला बोला है। उत्तराखंड के हल्द्वानी में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में कुछ राजनीतिक दल ऐसे हैं, जिन्हें राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ बोलने में भी शर्मिंदगी महसूस होती है। नितिन नबीन ने राहुल गांधी को ‘राहुल मियां’ कहकर संबोधित करते हुए कहा कि वह ‘वंदे मातरम्’ के महत्व को नहीं समझ सकते, क्योंकि उन्होंने भारतीय संस्कृति के महत्व को नहीं समझा है। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ की गूंज देश की आजादी के संघर्ष और बलिदानियों से जुड़ी रही है।

‘बीजेपी राष्ट्र प्रथम के सिद्धांत पर काम करती है’

बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी ‘राष्ट्र प्रथम, पार्टी नेक्स्ट और सेल्फ लास्ट’ के सिद्धांत पर काम करती है। उन्होंने कहा कि पार्टी के हर काम में यह सोच दिखाई देती है और देशहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। नितिन नबीन ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल आजादी के संघर्ष की याद नहीं है, बल्कि 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य से भी जुड़ा संदेश है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को भी ‘वंदे मातरम्’ की भावना से जोड़ने की जरूरत है।

‘वंदे मातरम्’ सम्मान और एकता का प्रतीक

बीजेपी नेता ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ देश के सम्मान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने दावा किया कि विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए हर भारतीय को एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा। इसी दौरान उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि ऐसी राजनीति को खत्म किया जाना चाहिए। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया।

हल्द्वानी विवाद पर भी कांग्रेस को घेरा

नितिन नबीन ने हल्द्वानी में हुए ‘शुद्धिकरण’ विवाद का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इस मुद्दे के जरिए उत्तराखंड और देश को जाति के नाम पर बांटने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भूमि लोगों की आस्था, देवी-देवताओं और गुरुओं के प्रति सम्मान से जुड़ी है। नितिन नबीन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इस पवित्र भूमि पर राजनीतिक विवाद खड़ा करने और राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास किया। उन्होंने कांग्रेस के इतिहास पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने लंबे समय तक दलितों के अपमान की राजनीति की है। बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की कथित विभाजनकारी राजनीति का उत्तराखंड की जनता जवाब देगी।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close