Bigg Boss 20 में चौथे दिन ही मचा घमासान, मैरी कॉम-रीति में तीखी बहस से लेकर आम्रपाली-काजी की भिड़ंत तक

मुंबई: रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ को शुरू हुए अभी कुछ ही दिन हुए हैं, लेकिन घर में विवादों का दौर तेज हो गया है। कंटेस्टेंट्स के बीच काम और टास्क को लेकर लगातार तनातनी देखने को मिल रही है। चौथे एपिसोड में भी घर का माहौल काफी गर्म रहा। एक तरफ किचन ड्यूटी को लेकर मैरी कॉम और रीति तिवारी आमने-सामने आ गईं, तो दूसरी ओर अरिश्फा खान और आम्रपाली दुबे के बीच भी बहस देखने को मिली। इसके बाद कैप्टेंसी टास्क में काजी तौकीर और आम्रपाली दुबे की जोरदार भिड़ंत ने माहौल और गरमा दिया।
नॉमिनेशन के बाद बदला घर का माहौल
नॉमिनेशन प्रक्रिया के बाद बिग बॉस के घर में रिश्तों का समीकरण तेजी से बदलता नजर आ रहा है। कंटेस्टेंट्स के बीच छोटी-छोटी बातों पर बहस होने लगी है। घर के कामों को लेकर भी तनाव बढ़ता जा रहा है। हालांकि, इस बीच काजी तौकीर अपनी मजेदार बातों और अतरंगी अंदाज से घरवालों का मनोरंजन करते भी नजर आए। काजी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह बचपन में वैज्ञानिक थे। उनकी इस बात पर घर में खूब हंसी-मजाक हुआ। लेकिन अगले ही दिन सुबह होते ही काम को लेकर विवाद शुरू हो गया।
बर्तन और किचन ड्यूटी पर भिड़े घरवाले
मैरी कॉम ने गुल्लू से बर्तन धोने के लिए कहा, लेकिन गुल्लू टालते हुए नजर आए। उन्होंने खुद को अच्छा इंसान बताते हुए यह भी कहा कि वह आलसी हैं। इसके बाद किचन की जिम्मेदारियों को लेकर घर में बहस का माहौल बन गया। मैरी कॉम और मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी के बीच चाय बनाने और बर्तन धोने को लेकर तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने एक-दूसरे की पहचान और कद को लेकर भी टिप्पणी कर दी। मैरी कॉम ने कहा कि पूरी दुनिया उन्हें जानती है, जबकि रीति ने पलटकर जवाब दिया कि दर्शक उनका एक अलग रूप भी देखेंगे। हालांकि, बाद में रीति ने मैरी कॉम से माफी मांग ली।
अरिश्फा और आम्रपाली में भी हुई जोरदार बहस
घर में अरिश्फा खान और आम्रपाली दुबे के बीच भी विवाद देखने को मिला। अरिश्फा इस बात से नाराज हो गईं कि उन्हें बच्ची की तरह ट्रीट किया जा रहा है। आम्रपाली ने भी अपनी बात पर कायम रहते हुए जवाब दिया, जिसके बाद दोनों के बीच बहस बढ़ गई। इस विवाद में माही विज भी शामिल हो गईं और अरिश्फा के साथ उनकी भी बहस हो गई। हालांकि, बाद में मामला शांत हुआ और आम्रपाली और अरिश्फा के बीच सुलह होती दिखाई दी।
कैप्टेंसी टास्क में काजी-आम्रपाली आमने-सामने
इसके बाद घर में कैप्टेंसी टास्क शुरू हुआ, जिसकी जिम्मेदारी माही विज के पास थी। टास्क के दौरान खेल के नियमों को लेकर विवाद खड़ा हो गया। इसी बीच आम्रपाली दुबे और काजी तौकीर के बीच जोरदार बहस हो गई। आम्रपाली ने काजी पर लड़कियों को धक्का देने का आरोप लगाया और उन्हें जमकर फटकार लगाई। उन्होंने काजी को टास्क से बाहर किए जाने की मांग भी की। दूसरी ओर, यंग ने भी लड़कियों पर धक्का-मुक्की का आरोप लगाते हुए उन्हें रोटियां बनाने की सलाह दी। इस टिप्पणी के बाद विवाद और बढ़ गया और काजी तथा आम्रपाली एक बार फिर आमने-सामने आ गए।
शुरुआत में ही बढ़ी कंटेस्टेंट्स के बीच तल्खी
‘बिग बॉस 20’ के शुरुआती दिनों में ही जिस तरह से घर में विवाद सामने आ रहे हैं, उससे साफ है कि आने वाले एपिसोड में मुकाबला और ज्यादा दिलचस्प हो सकता है। किचन ड्यूटी से लेकर कैप्टेंसी टास्क तक, कंटेस्टेंट्स अब अपनी जगह मजबूत करने के लिए खुलकर एक-दूसरे से भिड़ते नजर आ रहे हैं।







