Main Slideराष्ट्रीय

बडगाम में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी, एनकाउंटर में लश्कर का पाकिस्तानी कमांडर यासिर ढेर

जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक पाकिस्तानी आतंकी के मारे जाने की खबर है। सुरक्षा बलों के मुताबिक, मारा गया आतंकी यासिर पाकिस्तान का रहने वाला था और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा हुआ था। इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान शुरू किया था, जिसके दौरान मुठभेड़ शुरू हो गई।

ऑपरेशन अशदार में मारा गया यासिर

जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन अशदार’ के तहत की गई। अभियान में स्पेशल फोर्सेज और 53 राष्ट्रीय राइफल्स की संयुक्त टीम शामिल थी। तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों का सामना आतंकियों से हुआ और इसके बाद गोलीबारी शुरू हो गई। पुलिस ने मुठभेड़ में एक आतंकी के मारे जाने की पुष्टि करते हुए उसकी पहचान यासिर के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, यासिर पाकिस्तानी नागरिक था और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा था।

लश्कर के सुलेमान मूसा ग्रुप से जुड़ा था

सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, यासिर कभी लश्कर-ए-तैयबा के सुलेमान मूसा ग्रुप का हिस्सा रहा था। बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले उसने इस ग्रुप से अलग होकर स्वतंत्र रूप से गतिविधियां शुरू कर दी थीं। एजेंसियों की नजर लंबे समय से उसकी गतिविधियों पर थी। सूत्रों के मुताबिक, यूसमर्ग और उसके आसपास के ऊंचाई वाले इलाकों में उसकी मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने निगरानी बढ़ाई थी। इसी इनपुट के आधार पर इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जो बाद में एनकाउंटर में बदल गया।

यासिर के नेटवर्क की जांच में जुटी एजेंसियां

यासिर के मारे जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियां उसके संपर्कों और नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं। जांच का फोकस इस बात पर है कि वह लश्कर-ए-तैयबा के किन आतंकियों के संपर्क में था और इलाके में उसकी गतिविधियां कितनी व्यापक थीं। एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि हाल के दिनों में जम्मू-कश्मीर में हुई किसी आतंकी गतिविधि की साजिश, मदद या उसे अंजाम देने में यासिर की कोई भूमिका थी या नहीं।

कौन था सुलेमान मूसा?

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, सुलेमान मूसा, जिसे हाशिम मूसा के नाम से भी जाना जाता था, पहलगाम में 2025 में हुए आतंकी हमले से जुड़े प्रमुख आरोपियों में शामिल था। बाद में सुरक्षा बलों ने श्रीनगर के दाचीगाम जंगल इलाके में एक अभियान के दौरान उसे मार गिराया था। यासिर का नाम उसी नेटवर्क से जुड़े एक ऑपरेटिव के तौर पर सामने आने के बाद अब एजेंसियां उसके पुराने संपर्कों और गतिविधियों की भी जांच कर रही हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close