राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर CM योगी का बड़ा ऐलान, संत कबीर टेक्सटाइल पार्क बनेगा, बुनकरों को सौंपे सहायता चेक

राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के लोकभवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में संत कबीर राज्यस्तरीय हथकरघा पुरस्कार प्रदान किए। इस दौरान उन्होंने बुनकरों और हस्तशिल्प कारीगरों को सम्मानित किया तथा मुख्यमंत्री हैंडलूम एवं पावरलूम योजना और झलकारी बाई विकास योजना के लाभार्थियों को वित्तीय सहायता के चेक वितरित किए। कार्यक्रम में उन्होंने संत कबीर टेक्सटाइल पार्क की स्थापना की भी घोषणा की। इस अवसर पर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री राकेश सचान और लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल भी मौजूद रहीं।
हथकरघा उत्पादों को मिलेगा बड़ा बाजार
कार्यक्रम में आयोजित प्रदर्शनी में प्रदेश के हथकरघा और हस्तशिल्प क्षेत्र की पारंपरिक कला के साथ आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। बुनकरों के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रमुख खरीदार कंपनियों के साथ कई महत्वपूर्ण समझौते (MoU) भी किए गए। सरकार का कहना है कि इससे बुनकरों की आय बढ़ेगी और वस्त्र उद्योग को नई गति मिलेगी।
बुनकरों के आर्थिक सशक्तीकरण पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पारंपरिक बुनकरों और कारीगरों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर उनकी उत्पादकता और आय बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। संत कबीर टेक्सटाइल पार्क के निर्माण से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और वस्त्र उद्योग को मजबूती मिलेगी। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के जरिए कारीगरों को वित्तीय सहायता देकर उनके कारोबार को विस्तार देने का प्रयास किया जा रहा है।
कानून-व्यवस्था और कांवड़ यात्रा की भी समीक्षा
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, बाढ़ की स्थिति और कांवड़ यात्रा की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा सामाजिक समरसता और एकता की मिसाल बनकर उभरी है, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं के साथ स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश भी दिए।







