झांसी में भीषण सड़क हादसा, अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद की मौत, एक साथी की भी गई जान

झांसी: झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूंछ थाना क्षेत्र के पास हुए भीषण सड़क हादसे में माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की मौत हो गई। इस दुर्घटना में उसके एक अन्य साथी की भी जान चली गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अबान अहमद अपने साथियों के साथ झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मुलाकात करने आया था। मुलाकात के बाद सभी कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पूंछ थाना क्षेत्र के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मोठ ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अबान अहमद और उसके एक साथी को मृत घोषित कर दिया।
तीन घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर
हादसे में घायल तीन अन्य युवकों की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, झांसी रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल और दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया पुलिस का मानना है कि हादसा तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण हुआ। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। हादसे की सूचना के बाद अस्पताल और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।







