Main Slideउत्तराखंडप्रदेश

तीलू रौतेली पुरस्कार 2026: 13 महिलाओं का चयन, 8 अगस्त को सीएम धामी करेंगे सम्मानित

उत्तराखंड सरकार ने वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए 13 महिलाओं का चयन किया है। वीरांगना तीलू रौतेली की जयंती के अवसर पर 8 अगस्त को हरिद्वार बाईपास मार्ग स्थित संस्कृति विभाग के सभागार में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चयनित महिलाओं को सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम को मुख्यमंत्री की मंजूरी मिल चुकी है। इसी समारोह में 35 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

तीलू रौतेली पुरस्कार की शुरुआत वर्ष 2006 में महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई थी। यह सम्मान खेल, समाज सेवा, साहित्य, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं और किशोरियों को दिया जाता है।

इस वर्ष पुरस्कार के लिए प्रदेश के सभी 13 जिलों से कुल 217 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें अल्मोड़ा से 21, बागेश्वर से 8, चमोली और चंपावत से 12-12, देहरादून से 23, हरिद्वार से 22, नैनीताल से 29, पौड़ी से 8, पिथौरागढ़ से 13, रुद्रप्रयाग से 11, टिहरी से 13, ऊधमसिंह नगर से 11 और उत्तरकाशी से 24 आवेदन शामिल थे। विस्तृत चयन प्रक्रिया के बाद 13 महिलाओं को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया।

वहीं, राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार के लिए प्रदेशभर से 220 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से उत्कृष्ट कार्य के आधार पर 35 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का चयन किया गया है।

सरकार का कहना है कि इन पुरस्कारों का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं का सम्मान करना और समाज में महिला सशक्तीकरण को प्रोत्साहित करना है। 8 अगस्त को आयोजित होने वाले समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सभी चयनित महिलाओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित करेंगे।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close