दिल्ली में बारिश से मौसम सुहाना, 15 फ्लाइट डायवर्ट, हरियाणा-पंजाब में मानसून बढ़ने के आसार

दिल्ली में रविवार को हुई हल्की बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। तापमान में गिरावट दर्ज की गई, हालांकि खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। तेज बारिश और हवाओं के कारण दिल्ली एयरपोर्ट से 15 फ्लाइट्स को डायवर्ट करना पड़ा। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, खराब मौसम की वजह से 10 घरेलू और 5 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को जयपुर और लखनऊ की ओर मोड़ा गया। बारिश के चलते राजधानी के कई इलाकों में मौसम खुशनुमा बना रहा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार रविवार दोपहर 1 बजे तक नई दिल्ली का तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ इलाकों में मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, शहर में न्यूनतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। कुछ जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहा, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया।
दिल्ली में दक्षिण-पूर्व दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। पालम इलाके में हवा के झोंके 37 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचे। IMD ने कहा है कि अगले 24 घंटों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में आगे बढ़ेगा मानसून
मौसम विभाग ने बताया कि अगले चार दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के बाकी हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। दिल्ली में मानसून पहुंचने के दो दिन बाद हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। आईएमडी ने शुक्रवार तक दिल्ली में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। वहीं राजस्थान में अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून 1 जुलाई को हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में पहुंच चुका है और अब इसके दोनों राज्यों के बाकी क्षेत्रों में आगे बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। हिमाचल प्रदेश में भी कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई है। शिमला मौसम विभाग ने ऑरेंज वॉर्निंग जारी करते हुए सोमवार को मंडी और सिरमौर के कुछ इलाकों में तथा मंगलवार को चंबा, कांगड़ा और सिरमौर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है।







