Main Slideराजनीति

फालता से TMC उम्मीदवार जहांगीर खान गिरफ्तार, नेपाल सीमा के पास STF ने दबोचा, कई आरोपों में थे फरार

पश्चिम बंगाल के फालता विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के उम्मीदवार जहांगीर खान को राज्य पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार चल रहे जहांगीर खान को सोमवार सुबह नेपाल सीमा के पास एक इलाके से हिरासत में लिया गया। जानकारी के मुताबिक, चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से ही जहांगीर खान फरार थे और सुरक्षा एजेंसियां लगातार उनकी तलाश कर रही थीं। आखिरकार STF ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

जहांगीर खान पर चुनाव से पहले ही कई गंभीर आरोप लगे थे। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान उन पर बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को प्रभावित करने और मतदाता सूची में मृत व्यक्तियों के नाम शामिल करवाने जैसे आरोप लगाए गए थे। इसके अलावा उन पर चुनावी माहौल को प्रभावित करने और स्थानीय लोगों को धमकाने के आरोप भी लगे थे। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने भी सार्वजनिक रूप से उनके खिलाफ आवाज उठाई थी और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े किए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस अधिकारी और मुठभेड़ विशेषज्ञ अजय पाल शर्मा को विशेष पर्यवेक्षक के रूप में संबंधित क्षेत्र में तैनात किया था। उन्हें डुंडी पुलिस स्टेशन क्षेत्र की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। फिलहाल STF जहांगीर खान से पूछताछ कर रही है और उनके खिलाफ दर्ज मामलों की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। उनकी गिरफ्तारी को राज्य की राजनीति और चुनावी माहौल के लिहाज से एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close