Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

गाजीपुर में एनकाउंटर के बाद बवाल, पुलिस पर पथराव में सीओ समेत पांच घायल, 70 उपद्रवियों पर होगी कार्रवाई

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए एक लाख रुपये के इनामी बदमाश कमलेश बिंद के अंतिम संस्कार के दौरान गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। गौसाबाद गांव में परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया, जिसमें सीओ सिटी शेखर सेंगर समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।

जानकारी के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद पुलिस कमलेश बिंद का शव परिजनों के साथ अंतिम संस्कार के लिए गांव ले जा रही थी। इसी दौरान फुल्लनपुर क्रॉसिंग के पास परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों और भारी पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया। बाद में सुरक्षा घेरे में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कराई गई।

गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. इरज राजा ने बताया कि कुछ अराजक तत्वों ने प्रधान पति संजय चौधरी के कथित उकसावे पर पुलिस बल पर हमला किया। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले 60 से 70 लोगों की पहचान की गई है और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि जरूरत पड़ने पर आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत भी कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस के अनुसार, कमलेश बिंद विनीत राय हत्याकांड का मुख्य आरोपी था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ वर्ष 2017 से 2026 के बीच आबकारी अधिनियम, मारपीट, बलवा, हत्या के प्रयास समेत सात गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे।

वहीं, मृतक के परिजनों ने पुलिस मुठभेड़ पर सवाल उठाए हैं। कमलेश के बड़े भाई संजय चौधरी ने आरोप लगाया कि यह वास्तविक मुठभेड़ नहीं थी, बल्कि उनके भाई की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कमलेश की पत्नी, जिनकी शादी पिछले महीने ही हुई थी, ने भी पुलिस कार्रवाई पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close