मध्य प्रदेश : अनूपपुर में दर्दनाक हादसा ट्रैक्टर-ट्रॉली खाई में पलटी, 6 श्रद्धालुओं की मौत, 40 घायल

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के खाई में पलट जाने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 40 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
पूजा के लिए जा रहे थे श्रद्धालु
पुलिस के अनुसार यह हादसा शुक्रवार शाम करणपथर थाना क्षेत्र के बिजौरा गांव के पास हुआ। ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 50 लोग सवार थे, जो पद्मनिया गांव से बिजौरा में पूजा-अर्चना के लिए जा रहे थे। रास्ते में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर खाई में जा पलटी।
दो की मौके पर मौत, चार ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम ने बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य घायलों ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल हुए लोगों को तत्काल उमरिया जिले के पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को लेकर मंदिर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने की खबर अत्यंत दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजन को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की।







