वैभव सूर्यवंशी का तूफान, SRH को हराकर क्वालिफायर-2 में पहुंची राजस्थान रॉयल्स

आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 47 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। न्यू चंडीगढ़ में खेले गए इस मुकाबले में जीत के साथ राजस्थान ने क्वालिफायर-2 में जगह बना ली है, जहां उसका सामना 29 मई को गुजरात टाइटन्स (GT) से होगा।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद को राजस्थान के बल्लेबाजों ने जमकर परेशान किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 243 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में हैदराबाद की टीम 19.2 ओवर में 196 रन पर सिमट गई।
वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक पारी
राजस्थान की जीत के सबसे बड़े हीरो 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी रहे। वैभव ने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रनों की तूफानी पारी खेली। अपनी इस धमाकेदार इनिंग में उन्होंने 5 चौके और 12 लंबे छक्के जड़े। हालांकि वह शतक से चूक गए, लेकिन उनकी पारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। उनके अलावा ध्रुव जुरेल ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 50 रन बनाए और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
हैदराबाद के स्टार बल्लेबाज फ्लॉप
244 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम के प्रमुख बल्लेबाज उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि ट्रेविस हेड ने 17 और हेनरिक क्लासेन ने 18 रन बनाए। हैदराबाद की ओर से सबसे ज्यादा 38 रन नीतीश कुमार रेड्डी ने बनाए। वहीं ईशान किशन ने 33 रनों का योगदान दिया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। इस हार के साथ ही SRH का आईपीएल 2026 का सफर समाप्त हो गया।
अब गुजरात से होगी भिड़ंत
राजस्थान रॉयल्स अब क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटन्स से भिड़ेगी। यह मुकाबला 29 मई 2026 को न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7:30 बजे खेला जाएगा। इस मैच की विजेता टीम 31 मई को अहमदाबाद में आरसीबी के खिलाफ फाइनल मुकाबला खेलेगी।







