केरल में नई सरकार का शपथ ग्रहण, वीडी सतीशन बने मुख्यमंत्री

केरल की नव निर्वाचित सरकार का सोमवार को तिरुवनंतपुरम सेंट्रल स्टेडियम में भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, मल्लिकार्जुन खरगे समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान वीडी सतीशन ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद वीडी सतीशन को बधाई दी।
कौन हैं वीडी सतीशन?
वीडी सतीशन ने राजनीति की शुरुआत 1990 के दशक में छात्र राजनीति से की थी। उन्होंने 1996 में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा था, हालांकि उस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाले सतीशन की कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं थी, लेकिन परिवार के समर्थन से उन्होंने राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। वह केरल हाईकोर्ट में वकालत भी कर चुके हैं।
सतीशन को जमीनी नेता माना जाता है। वह लोगों से सीधे संवाद करने और व्यक्तिगत रूप से मिलने के लिए जाने जाते हैं। उनके करीबी बताते हैं कि उनमें शुरू से ही नेतृत्व क्षमता थी और उनका परिवार आज भी सादगीपूर्ण जीवन जीता है।
20 सदस्यीय मंत्रिमंडल ने ली शपथ
मुख्यमंत्री के साथ 20 सदस्यीय मंत्रिमंडल ने भी शपथ ली। इसमें वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला, के मुरलीधरन और केपीसीसी प्रमुख सनी जोसेफ शामिल हैं। इसके अलावा इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के नेता पीके कुन्हालीकुट्टी, पीके बशीर, एन समसुद्दीन, केएम शाजी और वीई अब्दुल गफूर ने भी मंत्री पद की शपथ ली। मॉन्स जोसेफ, शिबू बेबी जॉन, अनूप जैकब, सीपी जॉन, एपी अनिल कुमार, टी सिद्दीकी, पीसी विष्णुनाथ, रोजी एम जॉन, बिंदू कृष्णा, एम लिजू, केए थुलसी और ओ जे जनीश भी मंत्रिमंडल का हिस्सा बने।
विधानसभा अध्यक्ष पद पर थिरुवनचूर राधाकृष्णन
मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने घोषणा की कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता थिरुवनचूर राधाकृष्णन विधानसभा अध्यक्ष का पद संभालेंगे, जबकि शनिमोल उस्मान को उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं विधायक अपू जॉन जोसेफ को सरकार का मुख्य सचेतक नियुक्त किया गया है।







