पटना में ब्लैकआउट के बीच मसाला कारोबारी की हत्या, सिर में मारी गोली, CCTV खंगाल रही पुलिस

पटना। पटना में गुरुवार शाम ब्लैकआउट के दौरान अपराधियों ने एक मसाला कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के मुसल्लहपुर हाट इलाके की बताई जा रही है, जहां बदमाशों ने 25 वर्षीय पिंटू उर्फ बड़का को निशाना बनाया। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब 7 बजे शहर में मॉकड्रिल के तहत ब्लैकआउट किया गया था। इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाशों ने कारोबारी पर फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
परिजन और स्थानीय लोग उसे आनन-फानन में इलाज के लिए पीएमसीएच ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने बेहद करीब से सिर में गोली मारी थी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए ब्लैकआउट का इंतजार किया था। जैसे ही शहर में बिजली बंद हुई, बदमाश सक्रिय हो गए और घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। गौरतलब है कि गुरुवार को बिहार के कई जिलों में सुरक्षा मॉकड्रिल के तहत ब्लैकआउट किया गया था। इस दौरान एयर रेड वार्निंग, रेस्क्यू ऑपरेशन और आपातकालीन प्रतिक्रिया से जुड़े अभ्यास किए जा रहे थे। वहीं दूसरी ओर अपराधियों ने इसी दौरान हत्या की साजिश को अंजाम दे दिया।







