शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 690 अंक टूटा, निफ्टी भी 24 हजार के नीचे खुला

घरेलू शेयर बाजार ने सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को बड़ी गिरावट के साथ शुरुआत की। भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों को लेकर निवेशकों की चिंता के बीच बाजार में भारी बिकवाली देखने को मिली। BSE Sensex 690.1 अंकों की गिरावट के साथ 76,638.09 पर खुला, जबकि Nifty 50 205.9 अंक टूटकर 23,970.10 के स्तर पर कारोबार शुरू करता नजर आया। इससे पहले शुक्रवार को भी बाजार लाल निशान में बंद हुआ था। उस दिन सेंसेक्स 516 अंक और निफ्टी 150 अंक कमजोर होकर बंद हुए थे।
सोमवार को सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से सिर्फ दो कंपनियों के शेयर ही हरे निशान में खुले, जबकि 27 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ कारोबार करते दिखे। वहीं NTPC का शेयर बिना किसी बदलाव के खुला। निफ्टी 50 की बात करें तो 50 में से केवल 6 कंपनियों के शेयरों में तेजी दर्ज की गई, जबकि बाकी 44 कंपनियां गिरावट के साथ खुलीं।
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में Tata Steel के शेयर सबसे ज्यादा 0.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ खुले। दूसरी ओर Titan Company के शेयरों में सबसे बड़ी 3.81 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा InterGlobe Aviation के शेयर 3.14 प्रतिशत, State Bank of India 3 प्रतिशत, Mahindra & Mahindra 2.01 प्रतिशत और Maruti Suzuki 1.98 प्रतिशत की गिरावट के साथ खुले।
वहीं HDFC Bank, Reliance Industries, ICICI Bank, Infosys, TCS और ITC समेत कई दिग्गज कंपनियों के शेयर भी गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आए। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, वैश्विक स्तर पर बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का असर भारतीय शेयर बाजार पर साफ दिखाई दे रहा है। निवेशकों की नजर अब आने वाले दिनों में वैश्विक संकेतों और विदेशी निवेशकों की गतिविधियों पर बनी रहेगी।







