वाराणसी पहुंचे धीरेंद्र शास्त्री, ज्ञानवापी पर दिया बयान; कोर्ट से जल्द फैसले की जताई उम्मीद

धीरेंद्र शास्त्री सोमवार को वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने एक ज्वेलरी शॉप के उद्घाटन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान मंच से संबोधन करते हुए उन्होंने ज्ञानवापी परिसर को लेकर टिप्पणी की और न्यायालय से जल्द फैसला आने की उम्मीद जताई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उनके अनुयायी भी मौजूद रहे। अपने संबोधन में शास्त्री ने काशी से अपने जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि काशी विश्वनाथ मंदिर के पास स्थित ज्ञानवापी परिसर पर न्यायालय जल्द निर्णय दे। उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा से वहां अभिषेक होने की उम्मीद है।
उन्होंने यह भी कहा कि काशी में मुस्लिम दुकानदारों को हिंदू श्रद्धालुओं से बड़ा आर्थिक सहयोग मिलता है, जो समाज की उदारता को दर्शाता है। साथ ही उन्होंने एक मजार का जिक्र करते हुए कहा कि वहां कई हिंदू भी श्रद्धा से जाते हैं। धीरेंद्र शास्त्री के इस बयान के बाद ज्ञानवापी मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। फिलहाल इस मामले पर अंतिम फैसला न्यायालय के अधीन है।







