IPL 2026: अर्जुन तेंदुलकर ने डेब्यू मैच में छोड़ी छाप, बेटे के प्रदर्शन पर भावुक हुए सचिन तेंदुलकर

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में लखनऊ सुपर जाइंट्स के आखिरी लीग मुकाबले में युवा तेज गेंदबाज अर्जुन तेंदुलकर ने अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींच लिया। पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में अर्जुन ने आईपीएल डेब्यू करते हुए शानदार गेंदबाजी की और अपनी टीम के लिए अहम भूमिका निभाई।
इकाना स्टेडियम में खेले गए मैच में अर्जुन तेंदुलकर ने चार ओवर में 36 रन देकर एक विकेट हासिल किया। उनका सबसे अहम विकेट पंजाब किंग्स के बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह का रहा, जिन्हें उन्होंने शानदार यॉर्कर पर एलबीडब्ल्यू आउट किया। प्रभसिमरन उस समय 69 रन बनाकर अच्छी लय में बल्लेबाजी कर रहे थे।
26 वर्षीय बाएं हाथ के तेज गेंदबाज को कप्तान Rishabh Pant ने पावरप्ले के बाद गेंदबाजी के लिए उतारा। अर्जुन ने शुरुआत से ही सटीक लाइन और लेंथ के साथ बल्लेबाजों को परेशान किया। पहले ओवर में उन्होंने सिर्फ चार रन दिए। हालांकि दूसरे ओवर में कुछ बड़े शॉट जरूर लगे, लेकिन उन्होंने शानदार वापसी करते हुए 15वें ओवर में महत्वपूर्ण विकेट हासिल किया।
डेथ ओवरों में भी अर्जुन ने संयम दिखाया और दबाव के बीच किफायती गेंदबाजी की। वह मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स के सबसे प्रभावी गेंदबाजों में शामिल रहे। मैच के बाद पिता सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बेटे के लिए भावुक संदेश साझा किया। सचिन ने अर्जुन की मेहनत, धैर्य और सकारात्मक सोच की तारीफ करते हुए लिखा कि पूरे सीजन उन्होंने जिस तरह खुद पर भरोसा बनाए रखा और मौके का इंतजार करते हुए लगातार मेहनत की, वह गर्व की बात है।
सचिन ने अपने संदेश में यह भी कहा कि क्रिकेट केवल कौशल ही नहीं, बल्कि धैर्य की भी परीक्षा लेता है और अर्जुन ने दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। साथ ही उन्होंने बेटे को हमेशा जमीन से जुड़े रहने और खेल से प्यार बनाए रखने की सलाह दी। गौरतलब है कि सचिन तेंदुलकर बहुत कम मौकों पर सार्वजनिक रूप से अर्जुन के क्रिकेट करियर को लेकर प्रतिक्रिया देते हैं। ऐसे में उनका यह संदेश क्रिकेट प्रशंसकों के बीच तेजी से वायरल हो गया और इसे एक भावुक पल के तौर पर देखा जा रहा है।







