पटना हाई कोर्ट को मिली नई मुख्य न्यायाधीश, जस्टिस मीनाक्षी एम. राय संभालेंगी जिम्मेदारी

पटना हाईकोर्ट को नई मुख्य न्यायाधीश मिल गई हैं। जस्टिस मीनाक्षी एम. राय को पटना हाई कोर्ट का नया चीफ जस्टिस नियुक्त किया गया है। केंद्र सरकार ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। वर्तमान में वह सिक्किम हाईकोर्ट में न्यायाधीश के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वह दिल्ली हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ऑफ़ इंडिया में वकालत कर चुकी हैं।
यह फैसला 22 मई 2026 को हुई कॉलेजियम की बैठक में लिया गया था। न्यायपालिका में इस नियुक्ति को अहम माना जा रहा है, क्योंकि पूर्वोत्तर भारत की वरिष्ठ और अनुभवी न्यायाधीशों में शामिल जस्टिस मीनाक्षी एम. राय अब देश के सबसे पुराने और प्रमुख हाई कोर्ट्स में से एक की कमान संभालेंगी। दरअसल, पटना हाई कोर्ट के मौजूदा मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संगम कुमार साहू 4 जून 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। वह इसी वर्ष जनवरी में चीफ जस्टिस बने थे और 62 वर्ष की आयु पूरी होने पर रिटायर होंगे। उनके बाद अब जस्टिस मीनाक्षी एम. राय पदभार ग्रहण करेंगी।
12 जुलाई 1964 को जन्मीं जस्टिस मीनाक्षी मदन राय ने अपनी शुरुआती शिक्षा सिक्किम में प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने Lady Shri Ram College से राजनीति विज्ञान में स्नातक किया और वर्ष 1989 में दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस लॉ सेंटर से एलएलबी की डिग्री हासिल की। वर्ष 1990 में दिल्ली बार एसोसिएशन में पंजीकरण के बाद उन्होंने वकालत शुरू की और 11 दिसंबर 1990 को सिक्किम न्यायिक सेवा में शामिल हुईं। इसके साथ ही वह सिक्किम की पहली महिला न्यायिक अधिकारी भी बनीं।







