Main Slideमनोरंजन

शोएब इब्राहिम के पिता को फिर आया ब्रेन स्ट्रोक, ICU में भर्ती, दीपिका कक्कड़ का परिवार मुश्किल दौर से गुजर रहा

टीवी अभिनेता शोएब इब्राहिम और दीपिका कक्कड़ का परिवार इन दिनों लगातार मुश्किलों का सामना कर रहा है। दीपिका कक्कड़ के स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बीच अब शोएब इब्राहिम के पिता की तबीयत भी गंभीर हो गई है। शोएब इब्राहिम ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी कि उनके पिता को 23 मई की सुबह दोबारा ब्रेन स्ट्रोक आया, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल वह आईसीयू में भर्ती हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। अपने इंस्टाग्राम स्टोरी में शोएब ने लिखा कि उनके पिता के लिए अगले 24 घंटे बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने फैंस और शुभचिंतकों से उनके पिता के जल्द स्वस्थ होने की दुआ करने की अपील भी की।

यह पहली बार नहीं है जब शोएब के पिता को ब्रेन स्ट्रोक आया हो। इससे पहले वर्ष 2021 में भी उन्हें ब्रेन स्ट्रोक हुआ था। उस समय मस्तिष्क में खून का थक्का जमने के कारण उनके शरीर का बायां हिस्सा आंशिक रूप से लकवाग्रस्त हो गया था। इसके बाद से परिवार लगातार उनकी देखभाल कर रहा है। शोएब अपने व्लॉग्स के जरिए भी समय-समय पर पिता की सेहत से जुड़ी जानकारी साझा करते रहे हैं।

वहीं दूसरी ओर दीपिका कक्कड़ भी पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही हैं। वर्ष 2025 में उनकी ट्यूमर हटाने की सर्जरी हुई थी। इसके अलावा हाल ही में उनकी सिस्ट हटाने की सर्जरी भी की गई। दीपिका ने सोशल मीडिया पर बताया था कि वह स्टेज-2 लिवर कैंसर से पीड़ित थीं। हालांकि बाद में शोएब ने जानकारी दी थी कि सर्जरी के बाद दीपिका का ट्यूमर पूरी तरह हटा दिया गया है और अब वह रिकवरी की प्रक्रिया में हैं। गौरतलब है कि दीपिका कक्कड़ और शोएब इब्राहिम ने वर्ष 2018 में निकाह किया था। दोनों टीवी इंडस्ट्री के चर्चित कपल्स में गिने जाते हैं। वर्ष 2023 में दोनों एक बेटे के माता-पिता बने थे।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close