पाकिस्तान में भारत का कट्टर दुश्मन धुरंधर’ स्टाइल में मारा गया, जानें कौन था बिलाल आरिफ सलफी

नई दिल्ली। पाकिस्तान में आतंकी संगठन के गढ़ में हुई एक सनसनीखेज हत्या ने हड़कंप मचा दिया है। पाकिस्तान के मुरिदके स्थित लश्कर-ए-तैयबा के हाई सिक्योरिटी मुख्यालय में संगठन के वरिष्ठ कमांडर बिलाल आरिफ सलाफी की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि यह हमला ईद की नमाज के तुरंत बाद हुआ, जब परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे।
जानकारी के मुताबिक, हमलावर मरकज तैयबा कैंपस के अंदर घुसने में कामयाब रहे और उन्होंने बेहद करीब से सलाफी पर फायरिंग की। गोली लगने के बाद भी हमलावर नहीं रुके और चाकू से कई वार कर उसकी हत्या कर दी। हमला इतना तेज और योजनाबद्ध था कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही सब खत्म हो चुका था।
बताया जा रहा है कि बिलाल आरिफ सलाफी Lashkar-e-Taiba का अहम चेहरा था। उसकी जिम्मेदारी युवाओं की भर्ती, उन्हें कट्टरपंथ की ओर मोड़ने और ट्रेनिंग देने की थी। खासतौर पर कश्मीर से जुड़े नेटवर्क में उसकी बड़ी भूमिका मानी जाती थी। संगठन के भीतर उसकी पकड़ मजबूत थी, इसलिए उसकी हत्या को बड़ी क्षति के तौर पर देखा जा रहा है।
कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि हमले में एक महिला भी शामिल थी, जिसने अपने साथी के साथ मिलकर चाकू से वार किए और मौके से फरार हो गई। घटना के बाद सलाफी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस वारदात के बाद पाकिस्तान में छिपे आतंकी नेटवर्क में दहशत का माहौल बताया जा रहा है। खासकर Hafiz Saeed जैसे बड़े नामों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। इतनी कड़ी सुरक्षा वाले ठिकाने के भीतर इस तरह की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।







