राजस्थान: छत पर रखे ड्रम में मिला युवक का सड़ा-गला शव, पत्नी, मकान मालिक फरार

जयपुर। राजस्थान के खैरथल तिजारा जिले के किशनगढ़बास इलाके में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक मकान की छत पर रखे नीले ड्रम से युवक का शव बरामद हुआ। ड्रम में शव को छिपाने के लिए ऊपर से नमक डाला गया था। घटना के बाद से मृतक का परिवार और मकान मालिक का बेटा फरार हैं। जानकारी के मुताबिक, रविवार को आदर्श कॉलोनी स्थित एक मकान की छत से तेज बदबू आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ड्रम की जांच की तो उसमें एक युवक की लाश मिली।
पुलिस ने मृतक की पहचान हंसराज उर्फ सूरज के रूप में की है। वह उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और करीब डेढ़ महीने पहले परिवार के साथ किशनगढ़बास में किराए पर रहने आया था। वह स्थानीय ईंट भट्टे पर मजदूरी करता था। हंसराज के साथ उसकी पत्नी और तीन बच्चे – हर्षल, नंदिनी और गोलू भी रहते थे, लेकिन घटना के बाद से पूरा परिवार लापता है।
डीएसपी राजेंद्र सिंह निर्वाण ने बताया कि शव मकान की छत पर एक कमरे में रखे ड्रम से मिला, जिसमें लाश पर नमक डाला गया था। यह मामला हत्या की ओर इशारा करता है। फिलहाल शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और पुलिस हत्या के कारणों व आरोपियों की तलाश में जुटी है।







